फ्रांस : आतंकवादी हमले के बाद बंद किया गया नेशनल फुटबाल सेंटर

पेरिस, 14 नवंबर (आईएएनएस)। फ्रांस फुटबाल महासंघ (एफएफएफ) ने राजधानी पेरिस में हुए भीषण आतंकवादी हमले के बाद शनिवार को नेशनल फुटबाल सेंटर ‘क्लेयरेफोंटेन’ को मीडिया और आम लोगों के लिए बंद कर दिया।

गौरतलब है कि फुटबाल सेंटर में इस समय फ्रांस की राष्ट्रीय फुटबाल टीम रुकी हुई है।

आतंकवादी हमले के बाद फ्रांस में आपातकाल लगा दिया गया है। शुक्रवार को पेरिस में कई जगहों पर आतंकवादी हमले हुए, जिनमें फ्रांस और जर्मनी के बीच स्टेड डी फ्रांस स्टेडियम में चल रहे मैच के दौरान स्टेडियम के बाहर दो विस्फोट शामिल हैं। फ्रांस यह मैच 2-0 से जीतने में सफल रहा था।

एफएफएफ ने शनिवार को निर्धारित संवाददाता सम्मेलन भी रद्द कर दी।

एफएफएफ की वेबसाइट पर शनिवार को एक वक्तव्य जारी कर कहा गया, “शुक्रवार की रात सैंट डेनिस और पेरिस में हुए आकस्मिक घटनाक्रम के बाद एफएफएफ ने फ्रांसीसी टीम के सारे कार्यक्रम रद्द कर दिए गए हैं।”

एफएफएफ ने कहा, “परिस्थितियों को देखते हुए टीम के प्रशंसकों, से मिलने, संवाददाता सम्मेलन और आम लोगों से मिलने-जुलने के सारे कार्यक्रमों को रद्द कर दिया गया है।”

फ्रांस को अगला मैच इंग्लैंड की मेजबानी में वैंब्ली स्टेडियम में मंगलवार को खेलना है, लेकिन इंग्लैंड फुटबाल संघ ने कहा है कि वे पहले एफएफएफ से इस मसले पर चर्चा करेंगे और उसके बाद ही अगला मैच खेलने को लेकर कोई निर्णय करेंगे।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493