मार्सेली (फ्रांस), 8 जुलाई (आईएएनएस)। फ्रांस फुटबाल टीम के मुख्य कोच दिदिर डैसचेम्पस ने यूरो कप के सेमीफाइनल में दो विजयी गोल करने वाले खिलाड़ी एंटोइने ग्रीजमैन की प्रशंसा की है।
यूरो कप के सेमीफाइनल में ग्रीजमैन के गोल की बदौलत फ्रांस ने जर्मनी को मात देकर फाइनल में जगह बनाई है, जहां उसका सामना पुर्तगाल से होगा।
इस मैच में दो गोल दाग ग्रीजमैन ने इस टूर्नामेंट में अपने गोलों की संख्या छह कर ली है और वह टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा गोल करने वाले खिलाड़ी भी हैं। फ्रांस ने जर्मनी को 1958 के बाद किसी बड़े टूर्नामेंट में मात दी है।
गोल डॉट कॉम ने डेसचैम्पस के हवाले से लिखा है, “वह (ग्रीजमैन) महान खिलाड़ी हैं और उन्होंन जर्मनी के खिलाफ इस बात को साबित किया है। वह काफी मेहनत करते हैं। ओलिविएर गिरोर्ड के साथ मिलकर उन्होंने हमारी रक्षापंक्ति को मजबूत किया है।”
कोच ने कहा, “उनके पास तेजी और तकनीकि काबिलियत है। उनके पास कम मौके थे। वह हमारे लिए काफी महत्वपूर्ण खिलाड़ी हैं जैसे की वह एटलेटिको मेड्रि़ड के लिए पूरे सत्र में थे।”
छह गोल करने वाले ग्रीजमैन हमवतन माइकल प्लाटिनी से पीछे हैं। प्लाटिनी के नाम 1984 यूरोपियन चैम्पियनशिप में कुल नौ गोल हैं। ग्रीजमैन ने हालांकि हमवतन थिएरी हेनरी की बराबरी कर ली है। हेनरी के नाम भी छह गोल दर्ज हैं।
डेसचैम्पस ने जर्मनी के खिलाफ 58 साल के सूखे को खत्म करने के लिए टीम की प्रशंसा की है।
मैच के बाद उन्होंने संवाददाता सम्मेलन में कहा, “हमने इतिहास रच दिया है। काफी समय से हमने जर्मनी को नहीं हराया था, लेकिन आज हमने वह कर दिखाया।”
उन्होंने कहा, “हम फाइनल में हैं और हमारे पास ट्रॉफी जीतने का मौका है। मैं खिलाड़ियों के लिए खुश हूं। एक ऐसी टीम के साथ, जिसने हमें परेशान किया हो, के खिलाफ यह मुश्किल मैच था।”
डेसचेम्पस ने कहा, “जब आप मैदान पर जुनून और समर्थन देखते हैं तो ऐसा लगता है कि इस टीम के पास सब कुछ है।”
फ्रांस रविवार को पुर्तगाल के खिलाफ खेलेगा।
फ्रांस के कोच ने कहा, “फाइनल के लिए ज्यादा समय नहीं है, सिर्फ तीन दिन हैं। इसलिए हमारे पास जश्न मानने के लिए आज रात का ही समय है। मैं इस बात का आश्वासन देता हूं कि अगर हमारे जीतने की संभावना दो-तीन प्रतिशत भी रही तब भी हम मैच में अपनी शीर्ष स्थिति में जाएंगे।”
कोच ने कहा, “हमारे पास मौका है और पुर्तगाल के पास भी। हम मेजबान देश हैं और हमने जर्मनी को हराया है इसका मतलब यह नहीं है कि हमारे पास अतिरिक्त बढ़त है। हमें अपने आप पर विश्वास है।”
dharmpath.com dharmpath