पेरिस, 17 नवंबर (आईएएनएस)। बीते हफ्ते पेरिस पर हुए आतंकवादी हमले के बाद फ्रांस ने पूरे देश में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए 115,000 सुरक्षाकर्मियों को अलग-अलग जगहों पर तैनात किए हैं।
बीबीसी के मुताबिक, फ्रांस के गृहमंत्री बर्नार्ड केजनेव ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया, “हमने फ्रेंच नागरिकों की सुरक्षा के लिए पूरे राष्ट्र में 115000 पुलिसकर्मी और सैनिक तैनात किए हैं।”
उन्होंने कहा कि वह पुलिस के लिए धन का आवंटन बढ़ाएंगे, जो 2007-2012 के दौरान 17 फीसदी कम हुआ है।
गृहमंत्री ने बताया कि सोमवार-मंगलवार की रात के दौरान संदिग्ध इस्लामी आतंकवादियों के 128 ठिकानों पर छापे मारे गए। इससे पहले सोमवार को 160 जगहों पर छापे मारे गए थे। इन छापों में 23 लोगों को गिरफ्तार किया गया है और बड़ी संख्या में हथियार जब्त किए गए हैं।
बताया गया है कि छापों के दौरान पेरिस के पास बोबिग्नी नाम की जगह पर एक तहखाना भी मिला।
पेरिस हमले के मुख्य संदिग्ध सालह अब्देस्सलाम (26) की तलाश में व्यापक अभियान छेड़ा गया है। माना जा रहा है कि वह भागकर अपने जन्म स्थान बेल्जियम चला गया है। उसे पकड़े नहीं जाने की वजह से बेल्जियम की सरकार ने आतंक के खतरे का स्तर बढ़ाने का ऐलान किया है।
बेल्जियम और स्पेन के बीच मंगलवार को होने वाले फुटबाल मैच को रद्द कर दिया गया है।
जांचकर्ता मोरक्को मूल के एक बेल्जियन नागरिक अब्देलहामिद अबौउद (27) पर भी ध्यान केंद्रित किए हुए हैं। उसे पेरिस हमले का मास्टरमाइंड माना जा रहा है। वह ब्रसेल्स के पास मोलेनबीक में रहता था। माना जा रहा है कि अब वह सीरिया में रहकर अपनी गतिविधियां चला रहा है और इस्लामिक स्टेट में बड़े ओहदे पर पहुंच चुका है।
dharmpath.com dharmpath