वाशिंगटन, 16 अप्रैल (आईएएनएस)। अमेरिका के फ्लोरिडा राज्य के चिड़ियाघर में एक बाघ ने एक प्रशिक्षक को मार डाला। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
पाम बीच चिड़ियाघर के प्रवक्ता नकी कार्टर ने कहा कि बाघों की देखभाल करने वाली स्टेसी कोनविजर (38) को बाड़े में मौजूद चार में से एक मलायी बाघ ने शुक्रवार को मार डाला। स्टेसी पर हमला उस जगह किया गया, जहां जानवर सोते और खाते हैं।
सीएनएन की एक रपट के मुताबिक, चिड़ियाघर के अधिकारियों ने कहा कि कोनविजर ने असामान्य कुछ भी नहीं किया था, क्योंकि वे बाड़े में कुछ काम कर रही थीं और जानवरों के बारे में दर्शकों से बातचीत करने जा रही थीं।
वेस्ट पाम बीच पुलिस ने कहा कि इस घटना के बाद बाघ को बेहोशी का इंजेक्शन दिया गया और उसके पूरी तरह बेहोश होने का इंतजार किया गया, और उसके बाद ही कोनविजर को वहां से निकाला गया।
उन्हें हेलीकॉप्टर से सेंट मैरी मेडिकल सेंटर ले जाया गया।
कार्टर ने कहा कि कोनविजर बीते तीन वर्षो से चिड़ियाघर में काम कर रही थीं और बाघों को संभालने के मामले में बेहद अभ्यस्त थीं। उनके पति जेरेमी कोनविजर भी चिड़ियाघर में प्रशिक्षक हैं।
मलायी बाघ लुप्तप्राय उपप्रजातियों में हैं, जिनकी संख्या 250 से भी कम है।
पाम बीच चिड़ियाघर एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन करता है, जिसके लिए आगंतुक लोग बाघों को देखने के लिए अतिरिक्त भुगतान करते हैं।
dharmpath.com dharmpath