कोलकाता, 15 अप्रैल (आईएएनएस)। मुर्शिदाबाद जिले में शुक्रवार को एक चुनाव रैली स्थल में मंच के नीचे से पांच संदिग्ध देसी बम मिले। पुलिस ने बताया कि इस चुनाव रैली को पश्चिम बंगाल के कांग्रेस अध्यक्ष अधीर रंजन चौधुरी को संबोधित करना है।
देसी बम जैसी दिखने वाली ये चीजें शुक्रवार सुबह कोलकाता से करीब 190 किलोमीटर दूर सलार में स्थित रैली स्थल से मिलीं।
मुर्शिदाबाद पुलिस अधीक्षक सी. सुधाकर ने कहा, “देसी बम जैसी दिखने वाली पांच चीजें मिली हैं। एक बम निरोधक दस्ता घटनास्थल पर है। हम सभी पहलुओं की जांच कर रहे हैं।”
चौधुरी ने इस घटना को लेकर सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस पर उंगली उठाई है।
उन्होंने कहा, “मुझे शाम में जिस मंच पर खड़े होकर एक रैली को संबोधित करना है, उसके नीचे से पांच-सात बम मिले हैं। तृणमूल पूरे बंगाल में आतंक का माहौल पैदा करने की कोशिश कर रही है और इसलिए मैं इस घटना पर कतई हैरान नहीं हूं।”
चौधुरी ने कहा कि निर्वाचन आयोग को घटना की जानकारी दे गई है। उन्होंने कहा, “हम मुर्शिदाबाद में तृणमूल का लगातार विरोध कर रहे हैं और आगे भी जारी रखेंगे।”
dharmpath.com dharmpath