कोलकाता/कटिहार(बिहार), 7 अगस्त (आईएएनएस)। पश्चिम बंगाल के मालदा जिले में कुमेदपुर रेलखंड पर एक रेलगाड़ी की चपेट में आने से 6 लोगों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। मृतकों में तीन महिलाएं व तीन बच्चे शमिल हैं। प्राण गंवाने वाले ये लोग बिहार के कटिहार जिले के प्राणपुर थाना क्षेत्र के निवासी बताए जा रहे हैं।
यह हादसा कोलकाता से 330 किलोमीटर दूर मालदा जिले में बरोदुआरी के पास है।
पुलिस अधीक्षक प्रसून बनर्जी ने बताया, “आठ लोग नदी पर बने एक रेल पुल को पार कर रहे थे, तभी न्यू जलपाईगुड़ी-हावड़ा जनशताब्दी एक्सप्रेस आ गई। ट्रेन का चालक कुछ समझ पाता, तब तक छह लोग ट्रेन की चपेट में आ गए। छह लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।”
बनर्जी ने यह भी बताया कि दो लोगों ने नदी में छलांग लगाकर अपनी जान बचाई। महिलाएं बच्चों के कारण भाग नहीं पाईं।
कटिहार रेल खंड के मुख्य क्षेत्रीय वाणिज्य पदाधिकारी (डीसीएम) और जनसंपर्क अधिकारी पवन कुमार ने आईएएनएस को बताया कि रेलवे पुलिस बल घटनास्थल पर पहुंच गया है तथा रेलवे के अन्य अधिकारी भी घटनास्थल की ओर रवाना हो चुके हैं। राहत और बचाव दल को कटिहार रेलवे स्टेशन से रवाना हो गए हैं। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
कुमार ने बताया कि घटनास्थल पश्चिम बंगाल के मालदा जिले के अंतर्गत आता है।
dharmpath.com dharmpath