बंगाल में भाजपा की लहर ने ममता को तनाव में डाल दिया : राजनाथ

कांथी/पूर्व मिदनापुर (पश्चिम बंगाल), 10 मई (आईएएनएस)। पश्चिम बंगाल की सभी 42 सीटों पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के जीतने का दावा करते हुए केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने शुक्रवार को कहा कि भाजपा लहर ने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को ‘बहुत तनाव’ में डाल दिया है।

राजनाथ ने कांथी में एक रैली में कहा, “दीदी भाजपा लहर के कारण इतना तनाव में हैं कि वह प्रधानमंत्री का फोन भी नहीं उठाती हैं। पूरा देश समझ सकता है कि भाजपा की लहर पूरे बंगाल में फैल रही है और यहां पार्टी सभी लोकसभा सीटों पर जीत का झंडा फहराएगी।”

कांथी में 12 मई को छठे चरण में मतदान होना है।

राजनाथ ने लोगों को याद दिलाया कि कैसे ममता बनर्जी ने वादा किया था कि अगर वह मुख्यमंत्री बनती हैं तो ‘वह मां माटी मानुष’ की सुरक्षा करेंगी। उन्होंने कहा, “लेकिन मैं कह सकता हूं कि तीनों में से कोई सुरक्षित नहीं है।”

ममता बनर्जी के उस बयान का जिक्र करते हुए, जिसमें उन्होंने कहा था कि जब कोई ‘जय श्रीराम’ का नारा लगाता है तो वह उन्हें अपमानित करता है, उन्होंने कहा, “क्या भगवान राम के नाम से इतनी घृणा है? लोग जय श्रीराम, जय मां काली या जय मां दुर्गा कह सकते हैं। स्थिति इतनी अजीब हो गई है कि देवताओं के नाम यहां अपमानजनक लग रहे हैं।”

सोशल मीडिया पर चार मई को वायरल हुए वीडियो में मुख्यमंत्री ‘जय श्रीराम’ का नारा लगा रहे लोगों के एक समूह का सामना करने के लिए अपने वाहन से बाहर आती दिख रही हैं। ममता बनर्जी अपने वाहन से घाटल में जनसभा करने के लिए जा रही थीं।

ममता के काफिले के रुकने के बाद लोगों ने भागना शुरू कर दिया, लेकिन ममता ने वापस आने की चुनौती दी और आरोप लगाया कि उनमें कुछ उनके खिलाफ अभद्र भाषा का इस्तेमाल कर रहे थे।

राजनाथ ने बंगाल को प्रतिष्ठित नेताओं की भूमि बताया। उन्होंने कहा, “इस भूमि पर मुख्यमंत्री जिस तरह से बोल रही हैं, वह देश के नागरिकों के समझ से परे है।”

लोगों से भाजपा को वोट करते समय साहसी होने की अपील करते हुए उन्होंने कहा कि चिंता करने की कोई जरूरत नहीं है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493