कोलकाता, 24 दिसम्बर (आईएएनएस)। दीप्ति शर्मा ने रविवार को अपने बेहतरीन हरफनमौला खेल के दम पर बंगाल को सीनियर महिला वनडे लीग क्रिकेट टूर्नामेंट के फाइनल में पहुंचा दिया।
फाइनल में बंगाल का सामना गोवा से होगा।
बंगाल ने ईडन गार्डंस स्टेडियम में खेले गए सेमीफाइनल मैच में विदर्भ को मात देकर फाइनल में प्रवेश किया।
दूसरे सेमीफाइनल में गोवा ने जादवपुर यूनिवर्सिटी कैम्पस में खेले गए मैच में कर्नाटक को मात दी।
गोवा और बंगाल 26 दिसम्बर को ईडन गरडस स्टेडियम में आमने-सामने होंगे।
दीप्ति ने विदर्भ के खिलाफ 53 रनों की पारी खेली और परमिता रॉय (57) के साथ 93 रनों की साझेदारी करते हुए छह विकेट के नुकसान पर 210 रन बनाए।
इसके जवाब में विदर्भ की टीम 49.5 ओवरों में 173 रन ही बना सकी। लेग स्पिनर निशा माझी ने 29 रन देकर तीन विकेट लिए। दीप्ति ने 26 रन देकर तीन विकेट लिए। तनुश्री सरकार ने दो विकेट लेने के लिए 39 रन खर्च किए। बंगाल ने इस तिगड़ी के दम पर लगातार विकेट लेकर विदर्भ को 37 रनों से मात दी।
वहीं गोवा की संतोषी राणे और रुपाली चव्हाण ने चार-चार विकेट लेकर कर्नाटक की बल्लेबाजी की कमर तोड़ दी और उसे 36.4 ओवरों में 102 रनों पर सीमित कर दिया। इसके बाद सुनंदा यट्रेकर के नाबाद 47 रनों के दम पर इस आसान से लक्ष्य को 35 ओवरों में सात विकेट खोकर हासिल कर लिया।
इन जीतों के साथ दोनों टीमों ने इलीट डिविजन में जगह बना ली है।
dharmpath.com dharmpath