बंगाल : सड़क जाम कर रहे भाजपा अध्यक्ष हिरासत में

कोलकाता, 8 नवंबर (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष दिलीप घोष और कई अन्य भाजपा कार्यकर्ताओं को मंगलवार को पुलिस ने हिरासत में ले लिया।

वे विरोध प्रदर्शन के लिए मिली इजाजत वापस लिए जाने का विरोध कर रहे थे।

घोष के नेतृत्व में भाजपा कार्यकर्ताओं ने सेंट्रल एवेन्यू पर चक्का जाम कर दिया था, क्योंकि पुलिस ने उनसे पूर्व निर्धारित विरोध प्रदर्शन की इजाजत वापस ले ली थी।

भाजपा की प्रदेश इकाई ने घटनाक्रम की निंदा की है और इसे पुलिस और राज्य सरकार द्वारा राज्य में ‘जंगलराज’ लाने की तैयारी बताया है।

पार्टी ने एक वक्तव्य जारी कर कहा, “पुलिस ने भाजपा को मंगलवार को कॉलेज चौराहे पर शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन की इजाजत नहीं दी, जबकि इसकी इजाजत पार्टी को चार नवंबर को ही मिल गई थी।”

भाजपा प्लॉट और फ्लैट की बुकिंग करा चुके लोगों को भूमि दिलाने और उनके अन्य अधिकारों की मांग के लिए सियालदाह से कॉलेज चौराहे के बीच विरोध जुलूस निकालने वाली थी और कॉलेज चौराहा मैदान पर विरोध-प्रदर्शन करने वाली थी।

पुलिस ने इस बात से इनकार किया है कि भाजपा को विरोध प्रदर्शन की इजाजत दी गई थी।

संयुक्त पुलिस आयुक्त (मुख्यालय) सुप्रतिम सरकार ने कहा, “उन्हें (भाजपा) कॉलेज चौराहे पर विरोध प्रदर्शन की इजाजत कभी नहीं दी गई। शहर के व्यस्ततम मार्ग को बाधित करने की वजह से भाजपा के 27 कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया गया है, जिसमें सात महिलाएं शामिल हैं।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493