बैंकाक, 28 सितम्बर (आईएएनएस)। बंदूकधारियों के एक गिरोह ने मलेशिया में सबा सागर में दो मछली पकड़ने वाली नौकाओं पर हमला कर एक कैप्टेन को अगवा कर लिया। पुलिस ने बुधवार को इस बात की जानकारी दी।
समाचार एजेंसी एफे के अनुसार, सबा पुलिस ने राजधानी कोटा किनाबालु में संवाददाता सम्मेलन में बताया कि छह लोगों के समूह ने हरे और पीले रंग की धारियों वाली सफेद स्पीडबोट का इस्तेमाल हमले में किया।
हमलावरों ने मछली पकड़ने वाली जिस नाव पर हमला किया, उसमें 27 लोग सवार थे। उन्होंने लोगों के मोबाइल फोन, दस्तावेज और समान छीन लिए, साथ ही कैप्टेन को अगवा कर लिया।
पुलिस आयुक्त अब्दुल राशिद हारून ने कहा कि पहले हमले के बाद हमलावरों के समूह ने लहाद दतु तट पर मछली पकड़ने वाली एक अन्य नाव पर भी हमला किया, जिसमें 19 लोग सवार थे। उनसे भी हमलावरों ने मोबाइल, वॉकी-टॉकी, रुपये, चावल और कुकिंग ऑयल समेत कई सामान लूट लिए।
राशिद ने कहा, “हम इसकी जांच कर रहें हैं कि वे अपराधी कौन हैं। फिरौती के लिए किसी का फोन भी नहीं आया।”
आतंकवादी संगठन इस्लामिक स्टेट के प्रति निष्ठा रखने वाला फिलीपींस का इस्लामी गुट अबू सयाफ इस साल कई मलेशियाई मछुआरों को सबा के पानी से अगवा कर चुका है। इसके कब्जे में अभी भी पांच मलेशियाई, पांच इंडोनेशियाई और एक जापानी नागरिक हैं।
dharmpath.com dharmpath