बजट : उत्पाद शुल्क कटौती से ईंधन कीमतें अप्रभावित, उद्योग निराश

नई दिल्ली, 2 फरवरी (आईएएनएस)। पेट्रोल और डीजल पर उत्पाद शुल्क में कटौती से इनकी कीमतों पर कोई असर नहीं पड़ा है। पेट्रोल और डीजल उन मदों में शामिल हैं, जो अबतक वस्तु एवं सेवा कर (जीएसटी) के दायरे से बाहर हैं। लिहाजा, वित्तमंत्री अरुण जेटली ने अपने अंतिम पूर्ण बजट में इनपर अप्रत्यक्ष कर संबंधी फैसले लिए।

आम बजट 2018-19 में पेट्रोल और डीजल पर आठ रुपये प्रति लीटर की दर से सड़क व बुनियादी ढांचा उपकर लगाया गया है, जबकि सरकार ने इनपर छह रुपये प्रति लीटर की दर से अतिरिक्त उत्पाद शुल्क को समाप्त कर दिया है।

मालूम हो कि पिछले कुछ समय से अंतर्राष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में इजाफा होने से पेट्रोल और डीजल के भाव बढ़कर साढ़े तीन साल के ऊपरी स्तर पर पहुंच चुके हैं।

दिल्ली में गुरुवार को पेट्रोल 73.05 रुपये प्रति लीटर बिका था। बिना ब्रांड के पेट्रोल पर आधारभूत उत्पाद शुल्क 6.48 रुपये प्रति लीटर से दो रुपये कम कर दिया गया है, जबकि ब्रांडेड पेट्रोल पर आधारभूत उत्पाद शुल्क 7.66 रुपये प्रति लीटर से दो रुपये कम कर दिया गया है।

इसी प्रकार डीजल पर आधारभूत उत्पाद शुल्क में भी दो रुपये प्रति लीडर की कटौती की गई है।

बजट के बाद वित्त सचिव हसमुख अधिया ने मीडिया से बातचीत में कहा कि इस बदलाव से ग्राहकों पर कोई फर्क नहीं पड़ेगा।

इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन के मुताबिक, शुक्रवार को तेल के भाव में बढ़त के बाद पेट्रोल की कीमतों में 3.07-3.29 रुपये प्रति लीटर का इजाफा हो गया। वहीं, डीजल की कीमत में 4.47-5 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी हुई।

दिल्ली में पेट्रोल 73.1 रुपये प्रति लीटर, कोलकाता में 75.79 रुपये प्रति लीटर, मुंबई में 80.96 रुपये प्रति लीटर और चेन्नई में 75.82 रुपये प्रति लीटर बिका।

डीजल शुक्रवार को दिल्ली में 64.11 रुपये प्रति लीटर, कोलकाता में 66.78 रुपये प्रति लीटर, मुंबई में 68.27 रुपये प्रति लीटर और चेन्नई में 67.62 रुपये प्रति लीटर था।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493