नई दिल्ली, 8 मई (आईएएनएस)। संसद के मौजूदा बजट सत्र के दूसरे चरण की अवधि 13 मई तक बढ़ाने के मुद्दे पर लोकसभा में शुक्रवार को काफी हंगामा हुआ। इस कारण प्रश्नकाल के दौरान सदन की कार्यवाही दो बार स्थगित करनी पड़ी।
सदन की बैठक शुरू होते ही लोकसभा में कांग्रेस नेता मल्लिकार्जुन खड़गे ने सरकार पर आरोप लगाया कि उसने सदन को विश्वास में लिए बिना सत्र की अवधि 13 मई तक बढ़ा दी। खड़गे ने इसके बाद प्रश्नकाल स्थगित करने की मांग की।
लोकसभा अध्यक्ष सुमित्रा महाजन ने खड़गे का अनुरोध अस्वीकार कर दिया, जिसके बाद कांग्रेस सदस्यों ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। इससे सदन की कार्यवाही पहले पूर्वाह्न 11.30 बजे तक और फिर दोपहर 12 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई।
सरकार ने गुरुवार को बजट सत्र के दूसरे चरण की अवधि 13 मई तक बढ़ाने का फैसला किया था। इससे पहले सत्र का दूसरा चरण आठ मई को समाप्त होने वाला था।
dharmpath.com dharmpath