बठिंडा विस्फोट : आप ने सुखबीर की गिरफ्तारी की मांग की (लीड-2)

नई दिल्ली, 1 फरवरी (आईएएनएस)। आप (आम आदमी पार्टी) ने पंजाब के उपमुख्यमंत्री सुखबीर सिंह बादल पर मंगलवार को बठिंडा के पास हुए विस्फोट में शामिल होने का आरोप लगाया और चुनाव आयोग से उन्हें गिरफ्तार करने का अनुरोध किया है।

मौर मंडी कार विस्फोट मामले में सुखबीर बादल और सत्तारूढ़ शिरोमणि अकाली दल का हाथ होने का आरोप लगाते हुए आप महासचिव संजय सिंह ने कहा कि पंजाब में चार फरवरी को होने वाले शांतिपूर्ण मतदान को सुनिश्चित करने के लिए सुखबीर सिंह बादल की गिरफ्तारी बेहद जरूरी है।

संजय सिंह के नेतृत्व में आप के प्रतिनिधिमंडल ने पंजाब के मुख्य निर्वाचन अधिकारी वी.के. सिंह से मुलाकात की और आयोग के हस्तक्षेप की मांग की।

संजय सिंह ने यहां मीडिया से कहा, “आप ने सुखबीर बादल के खिलाफ चुनाव आयोग से शिकायत की है और उनसे पूछताछ करने और उन्हें गिरफ्तार करने की मांग की है।”

उन्होंने कहा, “हमें इसमें कोई संदेह नहीं कि हताश सिअद और कांग्रेस का हाथ इन हिंसक घटनाओं के पीछे है। वे चुनाव प्रक्रिया को बाधित करने के लिए किसी भी जघन्य अपराध को अंजाम दे सकते हैं।”

सिंह के अनुसार, अकाली दल और कांग्रेस राज्य में तनावपूर्ण माहौल बनाने की कोशिश कर रहे हैं।

संजय सिंह ने कहा कि पंजाब सरकार गुरु ग्रंथ साहिब के अपवित्रीकरण, हाई-प्रोफाइल हत्याओं के मामले और नाभा जेल से अपराधियों के भागने के मामले सुलझाने में विफल रही है।

मंगलवार को बठिंडा शहर के पास हुए कार बम विस्फोट में बुधवार को मृतकों की संख्या बढ़कर पांच हो गई। मृतकों में दो पुरुष और तीन बच्चे शामिल हैं।

इससे पहले दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने सुखबीर बादल की गिरफ्तारी की मांग की थी। सुखबीर पंजाब के मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल के बेटे और राज्य के उप मुख्यमंत्री हैं।

आप संयोजक ने ट्वीट किया, “शांतिपूर्ण चुनाव सुनिश्चित करने के लिए सुखबीर बादल को फौरन गिरफ्तार किया जाए। कल (मंगलवार) हुए विस्फोट में उनकी भूमिका की जांच की जानी चाहिए। वह और अधिक हिंसा का कारण बन सकते हैं।”

पंजाब में चुनाव प्रचार कर रहे केजरीवाल के मुताबिक, “सुखबीर बादल एक बहुत बड़ा अपराधी हैं, जो पंजाब और इसकी शांति को बर्बाद करने के लिए किसी भी हद तक जा सकते हैं। शांतिपूर्ण चुनाव सुनिश्चित करने के लिए चुनाव आयोग को उन्हें हरहाल में गिरफ्तार करना चाहिए।”

आप, कांग्रेस, सत्तारूढ़ अकाली दल-भाजपा गठबंधन राज्य की सत्ता पर काबिज होने के लिए प्रमुख दावेदार हैं।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493