भोपाल, 31 मई (आईएएनएस)। मध्यप्रदेश में बदजुबानी और बदमिजाज मंत्रियों को संरक्षण और अच्छा काम करने वाले ईमानदार अफसरों पर कार्रवाई मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की कार्यशैली का हिस्सा बन गई है। यह आरोप विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह ने लगाया है।
नेता प्रतिपक्ष सिंह ने बुधवार को एक बयान जारी कर कहा, “शिवराज सरकार के मंत्री बदजुबान और बदमिजाज हो गए हैं। सत्ता का अहंकार इतना हो गया है कि प्रशासनिक अमला और जनता दोनों उनके लिए कीड़े-मकोड़ों के समान हैं।”
उन्होंने आगे कहा, “कोई प्रशासनिक अफसर अच्छा काम करता है तो तत्काल उसे हटा दिया जाता है फिर वह शाजापुर जिलाधिकारी राजीव शर्मा हो, कटनी के पुलिस अधीक्षक गौरव तिवारी, खनिज अधिकारी रश्मि पांडे या सीहोर की जिलाधिकारी सुनीता त्रिपाठी। ऐसे अफसरों की एक लंबी सूची है।”
सिंह के अनुसार, “मंत्री गोपाल भार्गव वन अधिकारियों के हाथ-पैर तोड़ने की बात करें, गौरीशंकर बिसेन अफसरों से उठक-बैठक लगवाएं या जहां से आए हो, वहीं भेजने की बात करें, ओमप्रकाश धुर्वे बच्चों को तमाचा जड़ दें या फिर हत्या के आरोपी लालसिंह आर्य, ऐसे मंत्रियों को बचाने के लिए शिवराज सिंह चौहान चट्टान बन जाते हैं, वहीं ईमानदार अफसरों को निलंबित करने और हटाने में उनकी तत्परता का कोई सानी नहीं है।”
dharmpath.com dharmpath