बदलाव की बयार कांग्रेस को असम से उखाड़ फेंकेगी : मोदी

रंगपारा (असम), 27 मार्च (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के पक्ष में निर्णायक जनादेश के लिए लोगों से अपील करते हुए कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में बदलाव की बयार सत्तारूढ़ कांग्रेस को असम से निकाल फेंकेगी।

असम के सोनितपुर जिले में ब्रह्मपुत्र नदी के उत्तरी क्षेत्र में बसे रंगपारा में एक जनसभा को संबोधित करते हुए मोदी ने यह बात की।

असम में चार रैलियों को संबोधित करते हुए शनिवार को मोदी ने आगामी विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा के प्रचार अभियान की शुरुआत की।

मोदी ने रैली में आए लोगों से कहा, “आज मेरा कार्यक्रम 10 बजे था और मैं हैरान हूं कि लोग इतनी जल्दी कैसे आए? यहां सड़कें भी नहीं हैं, लेकिन मैं इतनी भीड़ को देखकर खुश हूं।”

प्रधानमंत्री ने लोगों को भरोसा दिलाते हुए कहा कि वह विकास कार्यो के साथ उनके इस प्यार को ब्याज के साथ वापस करेंगे।

मोदी ने आगे कहा, “इस समय मैं यहां बदलाव की बयार को देख सकता हूं, जो सत्तारूढ़ कांग्रेस को उखाड़ फेंकेगी। 15 वर्ष की बुरी सरकार का अंत होगा और विकास का नया सूर्योदय होगा।”

उन्होंने कहा कि भारत के लोगों ने 2014 लोकसभा चुनाव में भाजपा के लिए एक जनादेश दिया था और अब विश्वभर में देश की प्रशंसा हो रही है।

प्रधानमंत्री ने कहा, “अगर आप असम के लिए भी वहीं प्रशंसा सुनना चाहते हैं, तो निश्चित तौर पर आगामी चुनाव में भाजपा और उसके गठबंधन के लिए वोट कीजिए।”

असम में विधानसभा चुनाव के लिए मतदान चार और 11 अप्रैल को दो चरणों में होंगे। राज्य में विधानसभा की 126 सीटें हैं।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493