नागपुर, 23 जनवरी (आईएएनएस)। गो-एयर की भुवनेश्वर से मुंबई जा रही एक उड़ान को शनिवार को उस समय नागपुर के लिए मोड़ दिया गया, जब एक फोन काल के जरिए विमान में बम होने की धमकी दी गई।
गो-एयर की उड़ान संख्या जी8-243 वाले विमान ने ओडिशा की राजधानी भुवनेश्वर से सुबह 8.20 बजे उड़ान भरी थी। इसमें 150 यात्री सवार थे। विमान मुंबई जा रहा था। इसी बीच फोन पर विमान में बम होने की धमकी मिली, जिसके बाद इसका रुख नागपुर की ओर कर दिया गया, जहां यह सुबह 9.29 बजे उतरा।
गो-एयर के भुवनेश्वर कार्यलय ने इस बारे में पुलिस को सूचना दी। सभी यात्रियों को विमान से उतारकर तलाशी ली गई, लेकिन इस दौरान कोई बम नहीं मिला।
सुरक्षा जांच के बाद विमान को मुंबई जाने की अनुमति दे दी गई।
उल्लेखनीय है कि सुबह किसी अज्ञात व्यक्ति का बार-बार फोन कॉल आने के बाद, दिल्ली जा रही इंडिगो की एक अन्य उड़ान की भी जांच की गई, जो भुवनेश्वर हवाईअड्डे से उड़ान भरने वाली थी।
भुवनेश्वर हवाईअड्डे के निदेशक शरद कुमार ने कहा, “किसी ने हवाईअड्डे के प्रबंधक को तीन फोन कॉल किए और बताया कि गोएयर विमान और इंडिगो विमान में बम लगाए गए हैं। इसके तुरंत बाद मुंबई की ओर जाने वाले विमान को आपत स्थिति में नागपुर की ओर मोड़ दिया गया और जांच की गई।”
उन्होंने बताया कि यहां दिल्ली की ओर जाने वाले इंडिगो विमान की भी जांच की गई, लेकिन कुछ नहीं मिला।
भुवनेश्वर के डीसीपी सत्यब्रत भोई ने कहा कि पुलिस उस व्यक्ति का पता लगाने की कोशिश कर रही है, जिसने हवाईअड्डे के अधिकारियों को धोखा दिया।
dharmpath.com dharmpath