बर्दवान विस्फोट का आरोपी झारखंड में गिरफ्तार

रांची, 29 सितम्बर (आईएएनएस)। पश्चिम बंगाल के बर्दवान में 2014 में हुए विस्फोट में वांछित एक बांग्लादेशी नागरिक को मंगलवार को झारखंड में गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने बताया कि झारखंड की आतंकवाद रोधी शाखा (एटीएस) ने राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) के सहयोग से यह गिरफ्तारी की है।

कुछ दिनों पहले ही गठित हुई झारखंड एटीएस की यह पहली बड़ी कामयाबी है।

झारखंड पुलिस के प्रवक्ता एस.एन.प्रधान ने आईएएनएस को बताया, “एनआईए की एक टीम ने एटीएस को आरोपी तारिकुल इस्लाम उर्फ सादिक के बारे में जानकारी दी। एटीएस और एनआईए ने रांची-रामगढ़ जिलों की सीमा पर संयुक्त रूप से छापा मारकर सादिक को गिरफ्तार कर लिया।”

पुलिस ने बताया कि पांच लाख रुपये का इनामी सादिक बांग्लादेश सीमा से लगे पाकुड़ और अन्य जिलों में देखा गया था। कुछ दिन पहले एनआईए को पता चला था कि वह झारखंड के रामगढ़ और हजारीबाग में देखा गया है।

दो दिन पहले झारखंड एटीएस को उसके बारे में जानकारी दी गई।

सूत्रों ने कहा कि झारखंड एटीएस के सामने आने वाले दिनों में आतंकी गतिविधियों की जानकारी निकालने और आतंकियों की गुप्त रूप से मदद करने वालों को पकड़ने की बड़ी चुनौती होगी। राज्य में पहले हुई कार्रवाइयों में ऐसे तत्व पकड़े जा चुके हैं।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493