बलूच नेता ने गृह मंत्रालय को शरण की अर्जी दी

नई दिल्ली, 22 सितम्बर (आईएएनएस)। बलूच राष्ट्रवादी नेता ब्रह्मदाग बुग्ती ने भारत में शरण के लिए केंद्रीय गृह मंत्रालय को औपचारिक आवेदन दिया है।

मंत्रालय के एक अधिकारी ने गुरुवार को आईएएनएस को बताया, “मंत्रालय को ब्रह्मदाग बुग्ती से शरण का आवेदन मिला है।”

हालांकि, उन्होंने इस बात की पुष्टि नहीं कि सरकार उनके आवेदन पर विचार कर रही है या नहीं।

इससे पहले बलूच रिपब्लिकन पार्टी (बीआरपी) के प्रमुख बुग्ती ने समाचार चैनल टाइम्स नाऊ से कहा था कि वह एक राजनेता हैं और उन्हें भारत में रहने का मौका दिया जाना चाहिए।

उन्होंने कहा, “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मेरा आग्रह है कि मैं एक राजनेता हूं और अपनी जनता की आवाज हूं। कृपया मुझे भारत आने, अपने मुद्दों को उजागर करने और भारतीय और वैश्विक नेताओं से मुलाकात का मौका दीजिए। कृपया मुझे वैसे ही राजनीतिक शरण दीजिए, जिस प्रकार आपने दलाई लामा और एस.के. मुजीबुररहमान को दी।”

उन्होंने कहा, “मैं फिर से दोहराना चाहता हूं कि कृपया वही कीजिए, जो हम दोनों के हित में हो। अगर मैं जरूरत से ज्यादा मांग रहा हूं तो कृपया मुझे यह (शरण) मत दीजिए। “

बुग्ती ने साथ ही यह भी कहा कि अगर उन्हें शरण देने से भारत के हितों को नुकसान पहुंचता हो तो भारत को उनकी याचिका नामंजूर कर देनी चाहिए।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493