बल्लभगढ़ हत्या मामले में कार्रवाई से अल्पसंख्यक आयोग संतुष्ट

नई दिल्ली, 4 जुलाई (आईएएनएस)। राष्ट्रीय अल्पसंख्यक आयोग (एनसीएम) ने 22 जून को बल्लभगढ़ में 16 वर्षीय जुनैद खान की पीट-पीटकर हत्या किए जाने के मामले में पुलिस व जिला प्रशासन द्वारा की गई कार्रवाई पर मंगलवार को संतोष जाहिर किया।

आयोग ने फरीदाबाद के उपायुक्त से इस घटना पर एक रपट मांगी थी, जिस पर एनसीएम की बैठक में मंगलवार को चर्चा की गई।

एनसीएम के अध्यक्ष गयूरुल हसन रिजवी ने कहा, “आयोग ने 22 जून को बल्लभगढ़ में एक मुस्लिम युवक के पीट-पीटकर मार दिए जाने के मुद्दे पर चर्चा की। इस मुद्दे पर फरीदाबाद के उपायुक्त से एक रपट मांगी गई थी। इस रपट पर मंगलवार को चर्चा की गई।”

रिजवी ने कहा, “आयोग ने जिला प्रशासन व पुलिस द्वारा दोषियों को पकड़ने व हालात को शांतिपूर्ण तरीके से संभालने के लिए की गई कार्रवाई पर संतोष जताया।”

जुनैद की गाजियाबाद से मथुरा जाने वाली ईएमयू रेलगाड़ी में पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। वह दिल्ली से अपने भाई हसन व शाकिर व चचेरे भाई मोइन के साथ ईद की खरीदारी कर घर लौट रहा था। वह पलवल जिले के खंडावली गांव का रहने वाला था।

उसके भाई भी भीड़ द्वारा पिटाई में घायल हो गए।

राजकीय रेल पुलिस ने सोमवार को किसी भी व्यक्ति द्वारा आरोपियों की पहचान व सूचना देने पर दो लाख रुपये का पुरस्कार देने की घोषणा की।

रिजवी ने झारखंड में 29 जून को एक व्यापारी के भीड़ द्वारा पीटे जाने संबंधित मीडिया रपट पर कहा कि उन्होंने अगले दिन (30 जून) झारखंड के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) को फोन किया और घटना के बारे में जानकारी ली।

उन्होंने कहा, “डीजीपी ने उन्हें हरसंभव कदम उठाने व आरोपी को गिरफ्तार करने का भरोसा दिया है। अब मीडिया में खबर आई है कि दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है। इसके अलावा एनसीएम ने तीन जुलाई को दिए अपने पत्र में घटना पर रामगढ़ के जिला मजिस्ट्रेट से एक विस्तृत रपट देने की मांग की है।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493