बिजनौर, 28 मई (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के बिजनौर में थाना नजीबाबाद क्षेत्र में मोटरसाइकिल सवार तीन बदमाशों ने मंगलवार को प्रॉपर्टी डीलर एवं बसपा विधानसभा प्रभारी हाजी एहसान तथा उनके भांजे की गोली मारकर हत्या कर दी।
अपर पुलिस अधीक्षक लक्ष्मी निवास मिश्र के अनुसार, हाजी एहसान अपने भांजे शादाब के साथ थाना नजीबाबाद में गुरुद्वारे के निकट स्थित एक परिसर में अपने प्रॉपर्टी कारोबार के कार्यालय में बैठे हुए थे, तभी परिसर के बाहर काले रंग की बाइक पर तीन लड़के आए।
उन्होंने बताया, “इनमें से एक व्यक्ति बाहर रुक गया और दो लड़के हाथ में मिठाई का डिब्बा लिए अंदर कार्यालय में घुस गए। उन्होंने हाजी एहसान से नाम पूछकर डिब्बे से पिस्तौल निकाली और उन पर गोलियां चला दी। उनके भांजे शादाब ने बदमाशों को रोकने की कोशिश की तो उन्होंने उस पर भी गोलियां चला दी। हमले में हाजी और शादाब दानों की मौत हो गई।”
मिश्रा ने बताया कि घटना को अंजाम देकर तीनों बदमाश फरार हो गए। हत्यारों की तलाश के लिए टीमें बना दी गई हैं। यह पूरा मामला पैसे के लेनदेन संबंधित है। अभी कुछ लोग पकड़े गए हैं। उनसे पूछ-ताछ जारी है। जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।
dharmpath.com dharmpath