बस्तर : राष्ट्रीय जम्बूरी के लिए बसा स्काउट ग्राम

जगदलपुर, 4 जनवरी (आईएएनएस)। छत्तीसगढ़ के बस्तर में पूरे देश के चुनिंदा बच्चों का आगमन होने जा रहा है। राष्ट्रीय जम्बूरी के लिए बस्तर के डिमरापाल में मेडिकल कॉलेज के समीप स्काउट ग्राम बस गया है। राज्यपाल बलरामजी दास टंडन 5 से 8 जनवरी तक चलने वाले इस राष्ट्रीय जम्बूरी का शुभारंभ करेंगे।

बस्तर संभाग के विभिन्न जिलों के साथ-साथ प्रदेश के अन्य स्थानों से भी स्काउट्स एंड गाइड्स का आना शुरू हो गया है। आगंतुक बच्चों ने सोमवार को स्टेडियम परिसर के बीचो-बीच बनाए गए बड़े सांस्कृतिक मंच पर अपनी सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का रिहर्सल किया।

प्रतिभागी बच्चे 5 जनवरी को सुबह 11.30 बजे शासकीय हेलीकॉप्टर से डिमरापाल स्थित माता रुक्मणी आश्रम के हेलीपैड पर पहुंचेंगे। वे यहां से राष्ट्रीय जम्बूरी कार्यक्रम स्थल पर पहुंचकर इसका शुभारंभ करेंगे। वे 12.50 बजे यहां से हेलीकॉप्टर से रायपुर के लिए रवाना होंगे।

छत्तीसगढ़ राज्य गठन के बाद छत्तीसगढ़ के लिए यह दूसरा अवसर है, जब उसे राष्ट्रीय जम्बूरी के आयोजन करने का सौभाग्य मिला है। बस्तर में यह आयोजन पहली बार हो रहा है। इस कार्यक्रम में शामिल होने के लिए राज्य के करीब 9 हजार सहित पूरे देश के लगभग 12 हजार स्काउट्स एंड गाइड्स आ रहे हैं। इसमें स्काउट्स एंड गाइड्स के रुकने के लिए अलग-अलग जगह निर्धारित किए गए हैं तथा उनके रुकने के लिए टेंटों की व्यवस्था की गई है।

जम्बूरी स्थल में 24 घंटे चलने वाला प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र प्रारंभ हो गया है, जिसमें चिकित्सक सहित चिकित्सकीय स्टॉफ और आवश्यक दवाइयों की व्यवस्था की गई है। इसके अलावा यहां मार्केट और प्रदर्शनी स्थल भी बनाए जा रहे हैं।

जम्बूरी स्थल में व्यापक सांस्कृतिक कार्यक्रम मंच के साथ-साथ सम्मेलन स्थल भी बनाया गया है। इसके अलावा एडवेंचर जोन भी बनाया जा रहा है। साथ ही पंजीयन, फायर ब्रिगेड और ए.टी.एम. जैसी अन्य व्यवस्थाएं भी की जा रही हैं।

जिले के प्रभारी कलेक्टर हीरालाल नायक तथा अपर कलेक्टर आर.आर. ठाकुर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने सोमवार को जम्बूरी कार्यक्रम स्थल पहुंचकर यहां की सभी व्यवस्थाओं का व्यक्तिगत रूप से मुआयना किया।

प्रभारी कलेक्टर ने सभी विभागों के अधिकारियों को सौंपे गए दायित्वों एवं कार्यो का उत्कृष्ट तरीके से पालन करने और संपादित करने के निर्देश दिए। उन्होंने जम्बूरी स्थल में स्वच्छ पेयजल, साफ-सुथरे शौचालय, फायर ब्रिगेड, सतत विद्युत आपूर्ति आदि की व्यवस्था भी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

इसके पहले उन्होंने जिला अधिकारियों की आस्था सभा कक्ष में ली गई बैठक में भी राष्ट्रीय जम्बूरी के लिए सभी विभागों के अधिकारियों को भी अपने-अपने दायित्व सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493