मनामा, 15 जून (आईएएनएस)। बहरीन के सुपरमार्केट में कार्यरत एक भारतीय को सोमवार को पुलिस हिरासत से रिहा कर दिया गया। उस पर 10 वर्षीय एक बच्ची के साथ छेड़छाड़ का आरोप था।
समाचार पत्र ‘गल्फ डेली न्यूज’ के मुताबिक, 25 वर्षीय भारतीय युवक को चार मई को गिरफ्तार किया गया था। इस युवक पर अप्रैल में बहरीन के मुहराक के सुपरमार्केट में ट्रॉली लेने का प्रयास कर रही बच्ची को जबरदस्ती छूने का आरोप था।
हालांकि, अभियुक्त ने आरोपों से यह कहते हुए इंकार किया कि लड़की झूठ बोल रही है। बचाव पक्ष के वकील ने अभियुक्त का हवाला देकर बताया कि बहरीन की लड़की ने उससे ट्रॉली मांगी थी।
युवक ने लड़की को यह कहते हुए ट्रॉली देने से मना कर दिया था कि उसने एक अन्य ग्राहक के लिए ट्रॉली पकड़ी है।
लड़की ने ट्रॉली लेने की जिद की और उसके हाथ से ट्रॉली छीनने की कोशिश की। जब उसने लड़की को ट्रॉली नहीं दी तो लड़की ने अपनी मां से शिकायत कर दी और इसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
dharmpath.com dharmpath