अगरतला, 30 दिसम्बर (आईएएनएस)।त्रिपुरा में अपने प्रस्तावित नए बॉटलिंग संयंत्र के लिए इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन(आईओसी) एलपीजी सिलिंडरों को बांग्लादेश होते हुए त्रिपुरा लाएगा।
त्रिपुरा के खाद्य व नागरिक आपूर्ति मंत्री भानुलाल साहा ने यहां संवाददाताओं से कहा, “राज्य में प्रस्तावित एलपीजी बॉटलिंग संयंत्र के लिए प्रदेश के बाहर से एलपीजी टैंकरों को यहां लाने के लिए आईओसी बांग्लादेश की सड़कों व बंदरगाहों का इस्तेमाल करेगा।”
सरकारी भारतीय खाद्य निगम (एफसीआई) इससे पहले बांग्लादेश के रास्ते आंध्र प्रदेश व कोलकाता से 35 हजार टन चावल त्रिपुरा ला चुका है।
कई जहाजों के जरिए चावल बांग्लादेश के आशुगंज नदी बंदरगाह तक लाए गए। आशुगंज बंदरगाह से बांग्लादेशी ट्रकों ने चावल ढोकर अगरतला के नंदननगर स्थित एफसीआई गोदाम तक पहुंचाया।
बांग्लादेश होकर परिवहन बेहद आसान है, क्योंकि इस पहाड़ी प्रदेश के लिए सड़क संपर्क बेहद जटिल मुद्दा है। राज्य की सीमा बांग्लादेश, म्यांमार, नेपाल, भूटान व चीन से लगती है।
इससे पहले बांग्लादेश ने सरकारी तेल एवं प्राकृतिक गैस निगम को दक्षिण त्रिपुरा में पलटन मेगा पॉवर प्लांट परियोजना के लिए भारी मशीनों, टरबाइन व अन्य मशीनों को आशुगंज बंदरगाह के रास्ते ढोने की मंजूरी दी थी।
मंत्री ने कहा, “त्रिपुरा में रसोई गैस की किल्लत दूर करने के लिए आईओसी पश्चिमी त्रिपुरा के बोधजंगनगर इंडस्ट्रियल एस्टेट (अगरतला से 25 किलोमीटर दूर) में एक एलपीजी बॉटलिंग संयंत्र स्थापित करेगा।”
dharmpath.com dharmpath