ढाका, 20 जून (आईएएनएस)। बांग्लादेश ने चावल पर आयात शुल्क 28 फीसदी से घटाकर 10 फीसदी कर दिया है, ताकि घरेलू बाजार में चावल की कीमतों में स्थिरता कायम रहे। वाणिज्य मंत्री तुफैल अहमद ने मंगलवार को यह घोषणा की।
समाचार एजेंसी सिन्हुआ के अनुसार, आयात शुल्क में कमी से चावल की कीमतों में प्रति किलोग्राम छह टाका (बांग्लादेशी मुद्रा) कमी आने की उम्मीद है।
बाग्लादेश ने स्थानीय किसानों की सुरक्षा के लिए साल 2015 और 2016 में आयात शुल्क में बढ़ोतरी की थी, ताकि पड़ोसी देशों से बाजार में सस्ते चावल न आ पाए। इसके बाद से चावलों के आयात में चार सालों में सबसे बड़ी गिरावट देखी गई थी।
चूंकि बाढ़ और चावल की फसल में बीमारी फैलने के कारण इस साल धान के उत्पादन में गिरावट आने की संभावना है, लिहाजा इस खबर के मद्देनजर चावल का घरेलू बाजार फिर से अस्थिर हो गया है और अप्रैल से कीमतें बढ़नी शुरू हो गई हैं।
इसे देखते हुए बांग्लादेशी सरकार ने आयात में तेजी लाकर चावलों का बफर स्टॉक बनाने के अपने प्रयासों को मजबूत किया है।
बांग्लादेशी सरकार ने पिछले हफ्ते वियतनाम से 39 टाका प्रति किलोग्राम चावल आयात करने का निर्णय लिया।
dharmpath.com dharmpath