बांग्लादेश ने बंगाल के 42 मछुआरों को हिरासत में लिया

कोलकाता, 8 अगस्त (आईएएनएस)। मछली मारने निकले पश्चिम बंगाल के कम से कम 42 मछुआरों को बांग्लादेश के अधिकारियों ने हिरासत में ले लिया है। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी।

सभी मछुआरे पश्चिम बंगाल के 24 परगना जिले के दक्षिणी हिस्से के रहने वाले हैं और शुक्रवार से ही बांग्लादेश पुलिस की हिरासत में हैं।

पश्चिम बंगाल मछुआरा संघ के महासचिव जय कृष्ण हलदार ने बताया, “तीन नाव में मछली मारने निकले मछुआरे तूफान में फंस गए और बांग्लादेश की समुद्री सीमा में बहकर चले गए। बांग्लादेशी अधिकारियों ने उन्हें तुरंत गिरफ्तार कर लिया और तब से वे हिरासत में हैं।”

उन्होंने बताया कि राज्य सरकार को इसकी सूचना दे दी गई है और उन्हें छुड़ाने के लिए कार्रवाई करने की अपील की गई है।

शुक्रवार को हिरासत में लिए गए इन 42 मछुआरों के अलावा इससे पहले भटककर बांग्लादेश की समुद्री सीमा में प्रवेश करने वाले अन्य 37 मछुआरे भी बांग्लादेश के अधिकारियों की हिरासत में हैं।

हालदार ने कहा, “हमने राज्य सरकार से सभी मछुआरों को छुड़ाने का प्रयास करने का अनुरोध किया है।”

राज्य के सुंदरबन विकास मंत्री मंतूराम पाखिरा ने कहा कि राज्य सरकार मछुआरों को छुड़ाने प्रयास में जुट गई है।

पाखिरा ने कहा, “इस संबंध में केंद्र सरकार को सूचित कर दिया गया है। हमारी मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के भी पड़ोसी देश बांग्लादेश की सरकार से अच्छे संबंध हैं। हमें पूरी उम्मीद है कि समस्या को जल्द हल कर लिया जाएगा।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493