बांग्लादेश में जाकिर नाईक के पीस मोबाइल फोन पर प्रतिबंध

ढाका, 14 जुलाई (आईएएनएस)। बांग्लादेश प्रशासन ने भारत के विवादास्पाद इस्लामिक धर्म प्रचारक जाकिर नाईक के पीस मोबाइल फोन पर प्रतिबंध लगा दिया है। इससे कुछ दिन पहले ही देश में पीस टीवी के एयरवेव और ऑनलाइन प्रसारण पर भी प्रतिबंध लगा दिया गया था।

बीडीन्यूज24 डॉट कॉम ने बांग्लादेश के दूरसंचार नियामक बीटीआरसी अध्यक्ष शाहजहां महमूद के हवाले से बताया, “इन फोन को अब अनुमति नहीं दी जा सकती, क्योंकि सरकार से जाकिर नाईक के सभी तरह के प्रचार-प्रसार पर रोक के आदेश हैं।”

ढाका के एक कैफे पर एक जुलाई को हुए आतंकवादी हमले में शामिल आतंकवादियों के नाईक के भाषणों से प्रभावित होने के खुलासे के बाद उन पर प्रतिबंध लगा दिया गया है।

एक जुलाई को हुए इस हमले में 22 लोगों की मौत हो गई थी, जिसमें भारत की एक 19 वर्षीया छात्रा भी थी।

बेक्सिको समूह नाईक के पीस मोबाइल फोनों का आयात करता है और इसे ‘इस्लामिक मोबाइल हैंडसेट’ के रूप में बेचता है। इस ब्रांड की वेबसाइट के मुताबिक, इस फोन में नाईक के पीस टीवी के अंग्रेजी, हिंदी और उर्दू में प्रसारण के विकल्प मौजूद हैं।

बीटीआरसी के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि बेक्सिमको ने 2014 में लगभग 500 मोबाइल फोन आयात किए हैं, लेकिन इसके बाद एक भी आयात नहीं हुआ। हालांकि, समूह ने परमिट के नवीकरण के लिए आवेदन दिया है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493