बांग्लादेश में पार्टी आधार पर पहली बार हो रहे निकाय चुनाव

ढाका, 30 दिसम्बर (आईएएनएस)। बांग्लादेश में दलगत आधार पर पहली बार निकाय चुनाव हो रहे हैं, जिसके लिए मतदान बुधवार सुबह कड़ी सुरक्षा के बीच शुरू हुए।

राजनीतिक दलों ने ऐसे चुनावों में अपनी लोकप्रियता का जायजा लेने के लिए सीधे तौर पर प्रत्याशियों को मैदान में उतारा है।

समाचार एजेंसी सिन्हुआ की रिपोर्ट के मुताबिक, पूर्व प्रधानमंत्री खालिदा जिया की बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (बीएनपी) समेत लगभग 20 पार्टियां निर्वाचन प्रक्रिया में शामिल हैं।

इन चुनावों में मेयर के 234 पदों सहित 3,924 जन प्रतिनिधियों का चुनाव होगा, जिसमें 234 नगरपालिकाओं के लगभग 71 लाख मतदाता मतदान करेंगे। इन चुनावों के लिए 12,000 से भी अधिक उम्मीदवार मैदान में हैं।

मतदान के लिए स्कूलों और अन्य सार्वजनिक इमारतों में हजारों मतदान केंद्र बनाए गए हैं, जहां सुबह आठ बजे से ही मतदान शुरू हो गया, जो शाम चार बजे तक चलेगा।

बांग्लादेश के गृह मंत्री असदुज्जमान खान कमाल ने चुनाव शांतिपूर्वक संपन्न कराने और हिंसा नहीं होने देने की प्रतिबद्धता जताई है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493