ढाका, 25 फरवरी (आईएएनएस)। बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (बीएनपी) से संबंधित प्रदर्शनकारियों ने मध्य बांग्लादेश में एक खड़ी बस में आग लगा दी, जिससे बस में सो रहे दो लोग घायल हो गए।
वेबसाइट ‘बीडीन्यूज24 डॉट कॉम’ के मुताबिक, बस के मालिक शोहराब हुसैन ने बताया कि बीएनपी समर्थकों ने नारायणगंज के रूपगंज इलाके के ढाका-सिलहट हाईवे के साओघाट इलाके में सुबह 3.30 बजे के आसपास बस पर पेट्रोल बम फेंके, जिससे बस पूरी तरह जल गई।
बुल्टा पुलिस उपनिरीक्षक रबीउल इस्लाम ने कहा कि हमले में घायल बस के खलासी 26 वर्षीय मोनीर मिया और उसके 25 वर्षीय मित्र शकील अहमद को ढाका मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल भेजा गया है।
शोहराब ने बताया कि बीएनपी प्रदर्शनकारियों ने बिस्मिल्ला फिलिंग स्टेशन के सामने खड़ी बस पर पट्रोल बम फेंके।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि वे हमले में शामिल लोगों को हिरासत में लेने की कोशिश कर रहे हैं।
बीएनपी और जमात-ए-इस्लामी द्वारा पिछले डेढ़ महीने से आहूत नाकेबंदी के दौरान वाहनों पर किए गए पेट्रोल बम हमलों में अबतक लगभग 60 लोगों की मौत हो चुकी है और सैकड़ों घायलों को विभिन्न अस्पतालों में इलाज के लिए भर्ती कराया गया है।
dharmpath.com dharmpath