बांग्लादेश हमला : 6 आतंकवादी ढेर, 13 बंधक मुक्त कराए गए (लीड-2)

ढाका, 2 जुलाई (आईएएनएस)। बांग्लादेश में ढाका के एक रेस्तरां से सुरक्षा बलों ने शनिवार को 13 बंधकों को मुक्त करा लिया। इस दौरान छह हमलावरों को मार गिराया गया।

ढाका के उच्च सुरक्षा वाले गुलशन राजनयिक क्षेत्र के होली आर्टिजन बेकरी में भारी हथियारों से लैस हमलावरों के घुसने के बाद सरकारी बलों और इस्लामिक स्टेट (आईएस) के संदिग्ध सुरक्षबलों के बीच मुठभेड़ शुरू हो गई थी, जिसमें दो पुलिसकर्मियों की भी जान चली गई।

ब्रिगेडियर जनरल मुजिबर रहमान ने इस अभियान के लगभग 12 घंटे बाद घोषणा की, “अभियान पूरा हो गया है।”

प्रधानमंत्री शेख हसीना ने कहा कि 13 बंधकों को बचाया गया है। उन्होंने इस जघन्य अपराध की निंदा की।

हसीना ने राष्ट्र के नाम टेलीविजन संबोधन में कहा, “ये किस तरह के मुसलमान हैं? इनका कोई धर्म नहीं है। लोगों को इन आतंकवादियों से दूर रहना चाहिए। मेरी सरकार बांग्लादेश से आतंकवाद को उखाड़ फेंकने को लेकर प्रतिबद्ध है।”

अधिकारियों का कहना है कि चार विदेशियों सहित 13 बंधकों को मुक्त कराया गया है। बचाए गए बंधकों की पहचान तत्काल नहीं हो पाई है।

अन्य बंधकों का कुछ पता नहीं चला है। पुलिस ने इन्हें लापता घोषित किया है।

‘बीडीन्यूज24 डॉट कॉम’ ने एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी के हवाले से कहा कि रेस्तरां के भीतर कुछ विदेशियों के शव मिले हैं। इस तरह की आशंकाएं हैं कि आतंकवादियों ने हमले के दौरान उनके गले काट दिए। हालांकि इसकी स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो पाई है।

अधिकारियों ने कहा कि सुरक्षा बल वारदात स्थल पर तलाशी अभियान में जुटे हैं। अब तक छह आतंकवादियों के शव मिले हैं।

रैपिड एक्शन बटालियन के कमांडर तुहीन मोहम्मद मसूद ने कहा, “हमने छह आतंकवादियों को मार गिराया और मुख्य इमारत को खाली करा लिया गया है, पर अभियान अब भी जारी है।”

आतंकवादियों ने 40 लोगों को बंधक बना लिया था। हमले की जिम्मेदारी इस्लामिक स्टेट ने ली है।

समाचार एजेंसी सिन्हुआ की रिपोर्ट के मुताबिक, बांग्लादेशी रैपिड एक्शन बटालियन (आरएबी) ने बंधकों को हमलावरों के चंगुल से मुक्त कराने के लिए शनिवार को अभियान चलाया।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493