भोपाल, 14 अप्रैल (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री कमलनाथ ने रविवार को एक बार फिर दोहराया कि अब तक 22 लाख किसानों का कर्ज माफ हो चुका है और बाकी बचे किसानों का कर्ज लोकसभा चुनाव के बाद माफ किया जाएगा।
बैतूल संसदीय क्षेत्र के हरसूद में कांग्रेस उम्मीदवार के समर्थन में जनसभा को संबोधित करते हुए कमलनाथ ने कहा कि कांग्रेस को भाजपा ने जब सत्ता सौंपी थी, तब राज्य आर्थिक बदहाली के दौर से गुजर रहा था। किसान आत्महत्या कर रहे थे और अपराध के मामले में राज्य देश में नंबर एक पर था। कांग्रेस ने सत्ता में आते ही हालात बदलने का काम शुरू किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस ने किसानों से जो वादा किया था, वह पूरा किया। अब तक 22 लाख किसानों का दो लाख रुपये तक का कर्ज माफ हो चुका है। लोकसभा चुनाव की आचार संहिता के कारण कर्ज माफी का काम रुक गया है। चुनाव पूरा होते ही बाकी बचे किसानों का कर्ज भी माफ किया जाएगा।
कमलनाथ ने किसानों के बिगड़े हालात के लिए पूर्ववर्ती शिवराज सरकार का जिम्मेदार ठहराया और कहा, “कांग्रेस सरकार ने किसानों का कर्ज माफ किया है। इसका ब्योरा ऑनलाइन उपलब्ध है। मगर नकारात्मक राजनीति करने वाले भाजपा के लोग भ्रम फैलाने में लगे हैं। उनकी यह चाल कामयाब नहीं होने वाली। किसान जान गया है कि 15 साल में भाजपा के लोगों ने उसके साथ क्या-क्या किया है।”
dharmpath.com dharmpath