भोपाल-मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले में जमीन विवाद के दौरान युवक को गोली मारने के मामले में पुलिस ने बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के भाई शालिग्राम गर्ग को गिरफ्तार कर लिया है। बुधवार शाम पुलिस ने शालिग्राम के साथ उसके सहयोगी अंकित मिश्रा को भी हिरासत में लिया है। इस मामले में कुल चार लोगों को आरोपी बनाया गया है जिनमें से दो अभी फरार हैं। घटना राजनगर थाना क्षेत्र में गौशाला के पीछे स्थित जमीन को लेकर हुए विवाद से जुड़ी है।
पुलिस के अनुसार, घायल युवक की पहचान राजनगर थाना क्षेत्र के कोड़ा गांव निवासी मोतीलाल कुशवाहा के रूप में हुई है। मंगलवार को फायरिंग में गंभीर रूप से घायल होने के बाद उसे पहले छतरपुर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहां ऑपरेशन कर शरीर में फंसी गोली निकाली गई। बाद में हालत गंभीर होने पर उसे ग्वालियर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।
घायल मोतीलाल कुशवाहा ने पुलिस को दिए बयान में आरोप लगाया कि शालिग्राम गर्ग अपने साथ सतीश सिंह घोष, तुलसी मिश्रा, अंकित मिश्रा, आशीष और अन्य लोगों के साथ उसके घर पहुंचा था। आरोप है कि पहले उसे घर से बाहर खींचकर लाठी-डंडों से पीटा गया और फिर शालिग्राम ने तीन से चार राउंड फायरिंग की। इसमें एक गोली उसके सीने और दूसरी पसली के पास लगी। उसने यह भी बताया कि एक गोली कान को छूते हुए निकल गई।
dharmpath.com dharmpath