बाढ़ प्रभावित त्रिपुरा ने सेना की मदद मांगी

नई दिल्ली, 14 जून (आईएएनएस)। त्रिपुरा के मुख्यमंत्री बिप्लव कुमार देब ने गुरुवार को बाढ़ प्रभावित अपने राज्य में बचाव अभियान के लिए सेना की मदद मांगी।

त्रिपुरा में बीते 48 घंटों में लगातार बारिश हुई और गुरुवार दोपहर बाद तक जारी रही। इससे बाढ़ की स्थिति भयावह बन गई है।

देब ने केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह को गुरुवार की सुबह टेलीफोन पर हालात की जानकारी दी और त्रिपुरा सरकार द्वारा उठाए गए कदमों से अवगत कराया।

मुख्यमंत्री ने गृहमंत्री से त्रिपुरा में राष्ट्रीय आपदा मोचन बल कर्मियों की संख्या में ‘तुरंत’ वृद्धि करने का भी आग्रह किया।

देब ने ट्वीट किया, “त्रिपुरा में बाढ़ की स्थिति व चल रहे राहत कार्य के बारे में राजनाथ सिंह जी को अवगत कराया। कुछ जोखिम वाली जगहों पर बचाव अभियान के लिए सेना की मदद का आग्रह किया। गृह मंत्रालय ने केंद्र सरकार से सभी जरूरी मदद का भरोसा दिया है।”

एक आधिकारिक बयान में कहा गया कि केंद्र सरकार ने भरोसा दिया है कि वह त्रिपुरा को सभी जरूरी मदद देगा और सेना प्रमुख जनरल बिपिन रावत से जरूरी कार्रवाई करने को कहा गया है।

लगातार बारिश से त्रिपुरा के उनकाकोटी, घलाई, खोवाई व गोमती जिलों में बाढ़ की स्थिति बन गई है।

राज्य आपातकालीन ऑपरेशन सेंटर (एसईओसी) की रिपोर्ट के अनुसार, भारी बारिश से अपने घरों के तबाह होने से 3,500 से ज्यादा परिवारों ने 189 राहत शिविरों में शरण ली है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493