तलवारा (पंजाब), 23 मई (आईएएनएस)। पंजाब के मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल ने राज्य की आर्थिक बदहाली के लिए पूर्ववर्ती सत्ताधारी पार्टी कांग्रेस को शनिवार को जिम्मेदार ठहराया और कहा कि कांग्रेस को इस मुद्दे पर श्वेतपत्र लाने की मांग करने का कोई नैतिक आधार नहीं है।
बादल ने पत्रकारों से कहा, “पंजाब ने सीमावर्ती राज्य होने के कारण विभाजन का दंश झेला है, लेकिन कांग्रेस ने आतंकवाद की गिरफ्त में रहने के दौरान केंद्रीय सुरक्षा बलों का खर्च राज्य के राजकोष पर डालकर पंजाब को आर्थिक बदहाली की ओर धकेल दिया।”
आदर्श स्कूल का उद्घाटन करने आए मुख्यमंत्री ने अप्रत्यक्ष तौर पर हिमाचल प्रदेश की ओर संकेत करते हुए कहा कि कांग्रेस सरकार द्वारा पड़ोसी राज्यों को करों में छूट देने के कारण पंजाब से बड़े पैमाने पर उद्योग बाहर चले गए।
बादल ने कहा, “यह शर्मनाक है कि पंजाब का यह हाल करने वाले इन मुसीबतों के लिए आज हम पर ही आरोप लगा रहे हैं।”
एक सवाल के जवाब में मुख्यमंत्री ने कहा कि लोकतंत्र में हर राजनीतिक दल को अपने राजनीतिक आधार को विस्तार देने का हक है, इसलिए यदि भाजपा का केंद्रीय नेतृत्व राज्य पर ध्यान दे रहा है तो इसमें कुछ भी गलत नहीं है।
dharmpath.com dharmpath