लंदन, 8 जनवरी (आईएएनएस)। 69वें वार्षिक बाफ्टा अवार्ड्स में स्टीवन स्पिलबर्ग निर्देशित फिल्म ‘ब्रिज ऑफ स्पाइज’ और टोड हेन्स निर्देशित ‘कैरोल’ नौ नामांकन पाकर सबसे आगे हैं। भारतीय मूल के ब्रिटिश फिल्मकार आसिफ कपाडिया के वृत्तचित्र ‘एमी’ को भी दो नामांकन मिले हैं।
ब्रिटिश एकेडमी ऑफ फिल्म एंड टेलीविजन आर्ट्स (बाफ्टा) ने अपने फिल्म पुरस्कारों के नामांकन का खुलासा यहां अपने मुख्यालय में शुक्रवार को किया।
बाफ्टा की वेबसाइट पर एक बयान में कहा गया कि नामांकनों का खुलासा बाफ्टा की अध्यक्ष ऐनी मॉरिसन, हॉलीवुड अभिनेता एवं बाफ्टा पुरस्कार पेशकर्ता स्टीफन फ्राई और अभिनेत्री गुगू मबाता-रॉ ने किया। बाफ्टा पुरस्कार समारोह 14 फरवरी को लंदन के रॉयल ओपेरा हाउस में आयोजित होगा।
मशहूर हॉलीवुड अभिनेता लियोनाडरे डिकैप्रियो अभिनीत ‘द रेवनेंट’ फिल्म को आठ एवं ‘मैड मैक्स: फ्यूरी रोड’ को सात नामांकन मिले।
सच्ची घटनाओं से प्रेरित ‘ब्रिज ऑफ स्पाइज’ को सर्वश्रेष्ठ फिल्म, सर्वश्रेष्ठ निर्देशक, मूल पटकथा, मूल संगीत, सिनेमेटोग्राफी या चलचित्रकला, संपादन, प्रोडक्शन डिजाइन एवं साउंड श्रेणी में नामांकित किया गया।
केट ब्लैंचेट और रूनी मारा अभिनीत ‘कैरोल’ सर्वश्रेष्ठ फिल्म, सर्वश्रेष्ठ निर्देशक, सर्वश्रेष्ठ रूपांतरित पटकथा, सर्वश्रेष्ठ सिनेमेटोग्राफी, सर्वश्रेष्ठ प्रोडक्शन डिजाइन, सर्वश्रेष्ठ परिधान डिजाइन और सर्वश्रेष्ठ मेकअप एवं केश सज्जा श्रेणी में नामांकित हुई।
आसिफ कपाडिया के ब्रिटिश वृत्तचित्र ‘एमी’ को सर्वश्रेष्ठ उत्कृष्ट ब्रिटिश फिल्म एवं सर्वश्रेष्ठ वृत्तचित्र के लिए नामांकित किया गया है। यह फिल्म मशहूर दिवंगत गायिका एमी वाइनहाउस के जीवन व मृत्यु पर आधारित है।
dharmpath.com dharmpath