बाबा हरदेव सिंह का सड़क दुर्घटना में निधन, मोदी ने शोक जताया (लीड-1)

नई दिल्ली, 13 मई (आईएएनएस)। कनाडा के मॉन्ट्रियल में शुक्रवार को हुई एक सड़क दुर्घटना में संत निरंकारी मिशन के प्रमुख बाबा हरदेव सिंह का निधन हो गया है। वह 62 वर्ष के थे।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री राजनाथ सिंह, कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी और अन्य राजनीतिक नेताओं ने बाबा हरदेव की मौत पर अपनी संवेदना व्यक्त की है।

संगठन के एक अधिकारी ने आईएएनएस को बताया, “सुबह पांच बजे के आसपास उनकी कार हादसे में मौत हो गई।”

उन्होंने बताया कि उनके पार्थिव शरीव को दिल्ली लाए जाने की व्यवस्था की जा रही है और जल्द ही इसकी जानकारी मिलेगी।

मिशन द्वारा जारी किए गए एक आधिकारिक बयान के मुताबिक, “गहरे दर्द और दुख के साथ, आपको सूचित करते हैं कि परम पावन निरंकारी बाबा हरदेव सिंह जी महाराज का निधन हो गया है।”

दुनिया भर में निरंकारी मिशन के लाखों अनुयायियों से मिशन संचालकों ने अनुरोध किया है कि वे नई दिल्ली में मिशन मुख्यालय में अनावश्यक असुविधा से बचने के लिए अधिक भीड़ न करें।

मोदी ने कहा कि बाबा हरदेव सिंह का निधन दुखद है और आध्यात्मिक दुनिया के लिए यह एक बड़ा नुकसान है।

मोदी ने ट्विटर पर लिखा, “इस दुख की घड़ी में मेरे विचार उन सभी अनगिनत अनुयायियों के साथ हैं।”

सोनिया गांधी ने भी बाबा की मौत पर दुख व्यक्त किया और उनके सभी अनुयायियों के प्रति संवेदना व्यक्त की।

उन्होंने कहा, “समानता और सादगी के आध्यात्मिक मूल्य उनके द्वारा प्रतिपादित किए गए। निरंकारी समाज हमेशा प्रासंगिक बना रहेगा।”

गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि उनके निधन के बारे में जानकर गहरा दुख हुआ।

राजनाथ ने ट्विटर पर लिखा, “वह केवल आध्यात्मिक नेता ही नहीं बल्कि समाज सुधारक भी थे।”

रेल मंत्री सुरेश प्रभु, पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह और भाजपा नेता शाहनवाज हुसैन ने भी आध्यात्मिक नेता के निधन पर शोक जताया।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493