बारिश से तमिलनाडु में 269, आंध्र प्रदेश में 54 की मौत : राजनाथ

नई दिल्ली, 3 दिसम्बर (आईएएनएस)। केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने तमिलनाडु में भारी बारिश के कारण पैदा हुए बाढ़ जैसे हालात को ‘खतरनाक’ करार देते हुए गुरुवार को कहा कि इसमें अब तक 269 लोगों की मौत हो गई।

देश के गृह मंत्री ने यह भी बताया कि पड़ोसी राज्य आंध्र प्रदेश में भी बारिश के कारण हुई विभिन्न घटनाओं में 54 लोगों की मौत हो गई, जबकि दो की मौत पुदुच्चेरी में हुई है।

राजनाथ ने लोकसभा में कहा, “इसमें कोई दो राय नहीं है कि तमिलनाडु में स्थिति खतरनाक हो गई है। यह कहना अतिश्योक्तिपूर्ण नहीं होगा कि चेन्नई एक द्वीप में तब्दील हो गया है।”

राजनाथ ने बताया कि चेन्नई जाने वाले सभी रास्ते पिछले दो दिन से बंद हैं।

उन्होंने कहा कि चेन्नई में भारी बारिश हुई है और मौसम विभाग ने अगले दो-तीन दिनों में और अधिक बारिश होने का अनुमान जताया है।

उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) तथा सेना की सात टुकडियों को राहत एवं बचाव कार्य में लगाया गया है। नौसेना ने भी नौकाओं व गोताखोरों को तैनात किया है।

उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार तमिलनाडु सरकार को हर आवश्यक सहायता मुहैया कराएगी।

केंद्रीय गृह मंत्री ने कहा कि तमिलनाडु सरकार ने बाढ़ के कारण हुई तबाही के लिए 8,480.93 करोड़ रुपये और 940 करोड़ रुपये तत्काल राहत के तौर पर मांग की है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493