बार्सिलोना ने नेमार के जाने की पुष्टि की (लीड-1)

बार्सिलोना, 2 अगस्त (आईएएनएस)। स्पेन के अग्रणी फुटबाल क्लब बार्सिलोना ने बुधवार को ब्राजील के स्टार खिलाड़ी नेमार के क्लब छोड़ने की पुष्टि कर दी है।

क्लब ने एक बयान जारी कर इस बात की जानकारी दी। नेमार स्पेनिश क्लब को छोड़कर फ्रांस के क्लब पेरिस सेंट जर्मन (पीएसजी) जा रहे हैं।

समाचार एजेंसी एफे के मुताबिक, क्लब ने अपनी वेबसाइट पर जारी एक आधिकारिक बयान में कहा है कि खिलाड़ी, उनके पिता और नेमार के एजेंट ने क्लब कार्यालय में टीम को अपने इस फैसले के बारे में बता दिया है।

बयान के मुताबिक, “इस स्थिति को देखते हुए क्लब ने उन्हें बता दिया है कि उन्हें करार में शामिल ‘बाय-आउट’ नियम का पालन करना होगा और 26.26 करोड़ डालर की कीमत चुकानी होगी। यह रकम एक किश्त में जमा करनी होगी।”

बयान में कहा गया है, “खिलाड़ी तब तक एफसी बार्सिलोना के साथ करार में रहेंगे, लेकिन उन्हें अभ्यास सत्र में हिस्सा लेने की इजाजत नहीं होगी।”

बार्सिलोना के प्रवक्ता ने एफे के फोन पर बताया था कि नेमार ने बुधवार सुबह अभ्यास सत्र में खिलाड़ियों और कोच को अपना फैसला बता दिया था और फिर वह वहां से रवाना हो गए थे।

दोपहर तक नेमार बार्सिलोना की टीम की सूची में थे। 25 साल के नेमार ने क्लब के लिए 186 मैचों में 105 गोल किए हैं। वह 2013 में ब्राजील के क्लब सांतोस से स्पेनिश क्लब में आए थे। नेमार ने पिछले साल अक्टूबर में क्लब के साथ अपने करार को पांच साल के लिए बढ़ा दिया था।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493