शिवराज ने वोट के साथ नोट भी मांगे

उमरिया, 2 अगस्त (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश के अनुसूचित जाति क्षेत्रों में हो रहे नगरीय निकायों के चुनाव का प्रचार जोर पकड़ने लगा है। राज्य के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान भी बुधवार को प्रचार में सक्रिय रहे और सभाओं को संबोधित करते हुए, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) उम्मीदवार के लिए वोट के साथ नोट भी मांगे।

मुख्यमंत्री चौहान उमरिया जिले के पाली नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष प्रत्याशी उषा कोल एवं सभी 15 वार्डो के पार्षदों को भारी मतों से जिताने का आह्वान करते हुए कहा कि भाजपा उम्मीदवार को वोट के साथ नोट भी दें, क्योंकि गरीब उम्मीदवार के पास पैसा नहीं होता, तो वह प्रचार के लिए पैसा कहां से लाएगा।

उन्होंने कहा, “सभी के सहयोग से नगर पालिका को विकास के क्षेत्र में नंबर एक पर लाने का प्रयास किया जाएगा। पाली के समग्र विकास के लिए उषा कोल का जीतना आवश्यक है, तभी पाली नगर पालिका का चहुंमुखी विकास होगा।”

इस अवसर पर कार्यक्रम को सांसद ज्ञान सिंह, विधायक मीना सिंह, शिवनारायण सिंह, कटनी विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष ध्रुवप्रताप सिंह, भाजपा शहडोल के जिलाध्यक्ष मरतड त्रिपाठी, जिलाध्यक्ष उमरिया मनीष सिंह, अध्यक्ष पद की प्रत्याशी उषा कोल, समस्त भाजपा प्रत्याशी के अलावा बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।

मुख्यमंत्री चौहान की उपस्थिति में सभा में वर्तमान नगर पालिका अध्यक्ष प्रकाश पालीवाल ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की।

भाजपा की विज्ञप्ति के अनुसार, मुख्यमंत्री चौहान गुरुवार तीन अगस्त को मंडला एवं डिंडौरी जिले के आधा दर्जन नगरीय निकायों में चुनाव प्रचार करेंगे। डिंडौरी एवं नैनपुर में रोड शो एवं जनसभा को संबोधित करेंगे। शाहपुरा, निवास, बिछिया और मंडला में पार्टी प्रत्याशी के समर्थन में सभा को संबोधित करेंगे।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493