बार्सिलोना, 21 अक्टूबर (आईएएनएस)। स्पेन के शीर्ष फुटबाल क्लब बार्सिलोना एफसी के मिडफील्डर जेवियर मास्केरानो ने यूरोपीयन चैम्पियंस लीग के अपने आखिरी मुकाबले से ठीक पहले स्वीकार किया कि इस सत्र में बार्सिलोना अब तक अपना सर्वश्रेष्ठ नहीं कर सका है।
बार्सिलोना ने मंगलवार को हुए ग्रुप चरण के मुकाबले में बेलारूस के क्लब बेट बोरिसोव को 2-0 से हराकर ग्रुप-ई में शीर्ष स्थान हासिल किया।
बार्सिलोना की इस जीत में अहम भूमिका निभाने वाले मास्केरानो ने कहा, “हम अब तक अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन नहीं कर सके हैं। हम सभी यह जानते हैं, लेकिन यदि हम कठिन मेहनत करें तो टीम के प्रदर्शन में सुधार आ सकता है।”
बार्सिलोना के लिए इवान रैकिटिक ने बोरिसोव के खिलाफ दो गोल दागे और बार्सिलोना को 2-0 से जीत दिलाई।
मास्केरानो ने कहा, “हमेशा अपना सर्वश्रेष्ठ दे पाना संभव नहीं होता। लेकिन हम अपने प्रदर्शन में सुधार लाना चाहते हैं। हमने इस मैच के लिए कठिन मेहनत की थी और पहला गोल हासिल करने में देर जरूर हुआ, लेकिन तब तक हमने धैर्य से काम लिया।”
dharmpath.com dharmpath