बालाघाट, 17 अप्रैल (आईएएनएस)। मध्यप्रदेश के बालाघाट जिले में नक्सली अब खूनखराबे पर उतर आए हैं। मुखबिरी के शक में उन्होंने एक युवक सुरेंद्र सिंह उर्फ रति (22) की गोली मारकर हत्या कर दी। रति शनिवार से ही लापता था, उसका शव रविवार को बरामद किया गया।
बालाघाट परिक्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक डी.सी. सगर ने आईएएनएस को बताया कि पथारी थाना क्षेत्र के लिमोटी निवासी चरण सिंह के बेटे सुरेंद्र उर्फ रति का रविवार का दोपहर को लालघाटी क्षेत्र में शव मिला है। उसकी गोली मारकर हत्या की गई है, वह शनिवार से लापता था। हत्या में नक्सलियों के हाथ की आशंका जताई है।
बीते एक पखवाड़े में बालाघाट जिले में नक्सलियों की गतिविधियों में अचानक तेजी आई है। नक्सलियों ने पहले मनरेगा के तहत मजदूरी का भुगतान न होने की स्थिति में एक महिला सरपंच के पति को धमकाया था, उसके बाद सुरक्षा बलों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ भी हुई।
इतना ही नहीं, नक्सलियों ने तेंदूपत्ता ढोने में लगे एक ट्रक को भी फूंक डाला था। अब उन्होंने एक युवक की मुखबिरी के शक में हत्या कर दी है।
dharmpath.com dharmpath