बाल भवन के बच्चों ने लिया पर्यावरण रक्षा का संकल्प

नई दिल्ली, 4 जून (आईएएनएस)। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर ‘सेंटर फॉर एन्वॉयरमेंट एंड एनर्जी डेवलपमेंट'(सीड) के एक अभियान में राष्ट्रीय बाल भवन के सैकड़ों बच्चों ने सक्रिय भागीदारी निभाते हुए बेहद आकर्षक अंदाज में मार्च का आयोजन किया, जिसका संदेश था-‘हेल्प दिल्ली ब्रीद’।

बाल भवन के बच्चों ने पर्यावरण के विविध पहलुओं को अनूठे अंदाज में दर्शाते हुए पर्यावरण रक्षा का संकल्प लिया। इस अभियान का मकसद लोगों को दिल्ली में गंभीर होते वायु प्रदूषण के प्रति आगाह करते हुए स्वच्छ हवा के लिए प्रेरित व सचेत करना है।

इस अभियान में भागीदारी कर रही चौथी कक्षा की छात्रा आरोही ने कहा, “हम बच्चों की आवाज भी मायने रखती है। हम सरकार से वायु प्रदूषण को नियंत्रित करने के लिए कदम उठाने की उम्मीद रखते हैं।”

छठी कक्षा के छात्र अवध ने कहा, “हम दिल्ली सरकार से मांग करते हैं कि वायु प्रदूषण को खत्म करने और बिजली कटौती की समस्या से निपटने के लिए प्राथमिकता के आधार पर सोलर रूफटॉप कार्यक्रम को लागू किया जाए। अक्षय ऊर्जा दिल्ली की हवा की गुणवत्ता में सुधार का बेहतर उपाय है।”

इस मौके पर राष्ट्रीय बाल भवन की सहायक निदेशक आशा भट्टाचार्य ने शहर में बद्तर होती वायु प्रदूषण की समस्या पर चिंता जताते हुए कहा, “बच्चों ने रंग-बिरंगे परिधानों में मनमोहक ढंग से मार्च पास्ट किया, जो पर्यावरण रक्षा पर उनके विचारों का प्रतिनिधित्व करता है। बच्चों के लिए भी यह महत्वपूर्ण है कि वे अपने शहर की वास्तविक स्थिति जैसे वायु प्रदूषण की समस्या आदि के बारे में जानें और सीखें, ताकि वे आगे चलकर ऐसे संदेश को लेकर जन जागरूकता फैलाएं।”

इस अवसर पर सीड के हेड-ऑपरेशंस नवीन मिश्रा ने कहा, “यह मार्च के माध्यम से खासतौर पर छोटे बच्चों के जरिए दिल्ली के लोगों से हमारी अपील है कि शहर में स्वच्छ व स्वस्थ पर्यावरण की बहाली के लिए तत्काल सकारात्मक पहल की जानी चाहिए। अक्षय ऊर्जा हमारी बिजली व ऊर्जा संबंधी जरूरतों को पूरा करने का एक बुद्धिमानी भरा समाधान है, जिस पर अमल किया जाना चाहिए।”

सीड ने इस अभियान के जरिए दिल्ली सरकार से अविलंब सोलर रूफटॉप कार्यक्रम को लागू करने की मांग भी रखी है। इस कदम को लागू करने से सरकार दोहरे उद्देश्य को पूरा करने में सक्षम होगी। इससे दिल्ली की हवा स्वच्छ व सांस लेने योग्य होगी और साथ ही शहर में बिजली की बदहाली को दूर करने का एक ‘हरित उपाय’ (ग्रीन सॉल्यूशन) भी सामने आएगा।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493