मुंबई, 28 मार्च (आईएएनएस)। सिनेमा जगत में माना जाता है कि स्टार-पुत्र/पुत्रियों को विशेष सुविधाएं मिलती हैं, लेकिन ‘हंटर’ स्टार गुलशन देवैया का मानना है कि उनके जैसे बाहरी कलाकारों पर प्रदर्शन को लेकर दबाव अपेक्षाकृत कम होता है।
गुलशन से जब पूछा गया कि क्या आपको लगता है कि बाहरी कलाकारों की तुलना में फिल्मी परिवारों से आए कलाकारों के लिए चीजें आसान होती हैं, गुलशन ने आईएएनएस को बताया, “फिल्मी पृष्ठभूमि से आए कलाकारों पर अलग तरह का दबाव होता है। उन्हें लगातार तुलनात्मक नजरिए का सामना करना पड़ता है।”
गुलशन ने कहा, “जिस तरीके से लोग स्टार पुत्रों के बारे में राय बनाते हैं.. उससे उन पर अतिरिक्त दबाव रहता है। मुझे लगता है कि बाहरी कलाकारों पर स्टार पुत्रों की तुलना में दबाव कम रहता है, उन्हें ज्यादा अपेक्षाएं नहीं होतीं, तो यदि आप फिल्मी परिवार से नहीं हैं, तो यह बढ़िया बात है।”
इससे पहले ‘शैतान’ एवं ‘गोलियों की रासलीला राम-लीला’ जैसी फिल्मों में काम कर चुके गुल्शन काम में प्रतिस्पर्धा का होना जरूरी मानते हैं।
उन्होंने कहा, “मैं बेहद प्रतिस्पर्धी स्वभाव का हूं। मुझे लगता है कि मैं किसी के साथ भी प्रतिस्पर्धा कर सकता हूं। बॉक्स ऑफिस के स्तर पर नहीं, लेकिन कलात्मकता के स्तर पर। प्रतिस्पर्धा की भावना फायदेमंद है, इसमें ईष्र्या-द्वेष जैसी कोई बात नहीं है।”
dharmpath.com dharmpath