नई दिल्ली, 24 अगस्त (आईएएनएस)। शेयर बाजारों में सोमवार को हुई भारी गिरावट पर केंद्रीय वित्तमंत्री अरुण जेटली ने कहा कि इसके लिए बाहरी कारण जिम्मेदार है।
जेटली ने केंद्रीय उत्पाद एवं सीमा शुल्क बोर्ड के मुख्य आयुक्तों के सम्मेलन के इतर मौके पर कहा, “बाजार में गिरावट के लिए जिम्मेदार कारण पूरी तरह से देश से बाहर के हैं। इसके लिए कोई भी घरेलू कारण जिम्मेदार नहीं है।”
उन्होंने कहा, “यह गिरावट तात्कालिक है। बाजार में जल्द ही स्थिरता आ जाएगी।”
कमजोर वैश्विक रुझानों और शंघाई स्टॉक एक्सचेंज में गिरावट तथा न्यूनतम वैकल्पिक कर (मैट) पर सरकार के रुख से संबंधित चिंता के कारण सोमवार को बंबई स्टॉक एक्सचेंज (बीएसई) का 30 शेयरों पर आधारित संवेदी सूचकांक सेंसेक्स दोपहर बाद के कारोबार में 5.94 फीसदी या 1624.51 अंकों की गिरावट के साथ 25,741.56 पर कारोबार करते देखा गया।
रुपया भी गिरकर प्रति डॉलर 66.47 पर देखा गया, जो दो साल का निचला स्तर है।
मंत्री ने कहा, “सभी संबंधित विभाग, सरकार और भारतीय रिजर्व बैंक स्थिति पर नजर रखे हुए है।”
जेटली ने कहा, “आरबीआई ने कहा है कि वह स्थिति पर लगातार नजर रखे हुए है।”
dharmpath.com dharmpath