‘बा’ के निधन पर छोटा पर्दा शोक में डूबा

मुंबई, 20 मई (आईएएनएस)। धारावाहिक ‘क्योंकि सास भी कभी बहू थी’ से प्रसिद्धि पाने वाली अभिनेत्री सुधा शिवपुरी को छोटा पर्दा प्यारी, नेकदिल व चुलबुली ‘बा’ के रूप में याद रखेगा। सुधा का बुधवार सुबह लंबी बीमारी के बाद निधन हो गया।

उन्होंने यहां अंधेरी पूर्व के एक अस्पताल में अंतिम सांस ली।

सुधा के निधन की खबर सुनकर रोनित रॉय और केतकी दवे जैसे उनके सह-कलाकार शोक में डूब गए। उन्होंने उनके साथ बिताया समय याद किया। वहीं, अभिनेता तुषार कपूर एवं दिव्या दत्ता ने शोक संवेदनाएं व्यक्त कीं।

रोनित ने सुधा के साथ ‘क्योंकि..’ में काम किया। उन्होंने आईएएनएस को बताया, “मैं उन्हें हमेशा एक प्यारी बा के रूप में याद करूंगा। मुझे उनके निधन से दुख है और मेरी शोक संवेदनाएं उनके परिवार के साथ हैं। मुझे खुशी है कि उनकी आत्मा अब दुख से मुक्त हो गई।”

‘क्योंकि..’ में सुधा की बहू की भूमिका निभाने वाली केतकी दवे ने आईएएनएस को बताया, “बहुत अच्छी इंसान थीं। हम उनका नकली परिवार थे, लेकिन उनसे असली परिवार की तरह प्यार किया। हम उन्हें हमेशा याद करेंगे। आप से प्यार करते हैं सुधाजी।”

‘क्योंकि..’ का हिस्सा रहे अभिनेता हितेन तेजवानी ने आईएएनएस को बताया, “उनकी तबीयत सुधर रही थी और हमें आज सुबह उनके निधन की चौंकाने वाली खबर मिली..वह हमेशा हमारी यादों में रहेंगी।”

टेलीविजन अभिनेत्री नारायणी शास्त्री ने सुधा की तारीफ करते हुए आईएएनएस को बताया, “वह एक बहुत अच्छी व मदृभाषी महिला थीं। नए कलाकारों के प्रति बहुत नरम थीं। उनकी हाजिरजवाबी कमाल की थीं। वह बहुत साहसी थीं।”

बॉलीवुड के ‘बाबूजी’ अभिनेता आलोक नाथ ने सुधा का एक महान शिक्षिका होने पर शुक्रिया अदा किया।

आलोक ने ट्विटर पर लिखा, “सुधा शिवपुरी मैम की आत्मा को शांति मिले। आप और ओम शिवपुरी सर(सुधा के पति) महान शिक्षक और गाइड थे। मैं आपका छात्र बनकर धन्य हो गया।”

अभिनेता तुषार कपूर और अभिनेत्री दिव्या दत्ता ने भी ‘आरआईपी’ संदेश के साथ अपनी शोध संवेदनाएं व्यक्त कीं।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493