ग्रेटर नोएडा, 23 जनवरी (आईएएनएस)। केन्द्रीय विद्युत, कोयला एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्री पीयूष गोयल ने सोमवार को यहां कहा कि अगले 15 वर्षो में बिजली की मांग वर्तमान में मौजूदा मांग की तुलना में चार गुना हो जाएगी, और इसे देखते हुए विद्युत उत्पादन बढ़ाने के नियोजित ढंग से कार्य किए जा रहे हैं।
ग्रेटर नोएडा स्थित इंडिया एक्सपो सेंटर में ‘ईमा’ द्वारा आयोजित इंटेलेक्ट एवं डिस्ट्रीब्यूइलेक-2017 के शुभारंभ के अवसर पर गोयल ने कहा कि लोगों का जीवन स्तर ऊंचा बनाने में बिजली का योगदान सबसे अधिक है। उन्होंने कहा कि देश के आर्थिक विकास एवं लोगों के जीवन स्तर में सुधार के लिए केन्द्र सरकार द्वारा व्यापक कार्यक्रम हाथ में लिए गए हैं। उन्होंने आईपीडीएस योजना एवं दीनदयाल ग्राम ज्योति योजना के क्रियान्वयन को लेकर किए जा रहे कार्यो को रेखांकित किया।
इस अवसर पर ईमा (इंडियन इलेक्ट्रिकल एवं इलेक्ट्रानिक्स मैन्यूफेक्च र्स एसोसिएशन) द्वारा आयोजित इंटेलेक्ट एवं डिस्ट्रीब्यूइलेक-2017 में करीब 125 से अधकि विद्युत उपकरण निर्माताओं एवं विद्युत क्षेत्र के सरकारी उपक्रमों द्वारा प्रदर्शनी आयोजित की गई है।
इस अवसर पर भारत सरकार के भारी उद्योग एवं लोक उपक्रम विभाग के सचिव गिरीश शंकर, केन्द्रीय विद्युत प्राधिकरण के अध्यक्ष आर.के.वर्मा, ईमा के अध्यक्ष संजीव सरदाना, एक्सपो के अध्यक्ष प्रकाश चंद्राकर तथा आयोजन समिति के अध्यक्ष सुनील मिश्रा, ईमा की उपाध्यक्ष इंद्रा प्रेम मेनन सहित बड़ी संख्या में पॉवर सेक्टर से जुड़े इंजीनियर, बिजली उपकरणों के निर्माता तथा भारत सरकार के उपक्रमों के अधिकारी मौजूद थे।
सरदाना ने कहा कि इस वर्ष इंटलेक्ट कार्यक्रम की थीम लोगों के जीवन स्तर को बेहतर बनाने के लिए विद्युत को पुनर्भाषित करना है। उन्होंने अगले 15-17 वर्षो में विद्युत की बढ़ती मांग को देखते हुए लोगों के जीवन स्तर को सुधारने के लिए विद्युत के उपकरणों और प्रणाली को बेहतर बनाने पर बल दिया।
चंद्राकर ने बिजली की उपयोगिता को रेखांकित करते हुए कहा कि वर्तमान में बिजली चालू है तो जीवन चालू है, जैसी स्थिति है।
ईमा के महानिदेशक मिश्रा ने डिस्ट्रीब्यूइलेक प्रदर्शनी की उपयोगिता रेखांकित करते हुए कहा कि विद्युत वितरण के क्षेत्र में सुधार के लिए नवीनतम टेक्नॉलाजी आधारित उपकरणों को प्रदर्शित किया गया है साथ ही यहां आए लोगों को विद्युत वितरण क्षेत्र में हो रहे परिवर्तनों की जानकारी मिल सकेगी।
dharmpath.com dharmpath