इस्लामाबाद, 1 अप्रैल (आईएएनएस)। पाकिस्तान के कराची शहर में स्थित बिलावल हाउस के बाहर लगे बैरिकेड बुधवार को हटा लिए गए हैं। ये बैरिकेड पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी (पीपीपी) के सह अध्यक्ष आसिफ अली जरदारी के आदेश के बाद पांच साल पर हटाए गए हैं।
डॉन ऑनलाइन की रपट के मुताबिक, 2008 से 2013 तक पूर्व राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी के शिविर कार्यालय का दर्जा मिलने के बाद से बिलावल हाउस के बाहर की सड़क पर बैरिकेड लगा दिए गए थे और सकड़ के सार्वजनिक इस्तेमाल पर रोक लगा दी गई थी।
बिलावल हाउस के बाहर की सड़क को अब आम जनता के लिए खोल दिया गया है। यह सड़क बिलावल चौरंगी से सी व्यू की तरफ जाती है।
इससे पहले पीपीपी की उपाध्यक्ष शेरी रहमान ने कहा, “इस संबंध में सिंध के मुख्यमंत्री सैयद कईम अली शाह को आवश्यक निर्देश जारी कर दिए गए हैं।”
उन्होंने कहा, “सुरक्षा खतरों के बावजूद हम आसिफ अली जरदारी के निर्देश पर बिलावल हाउस के बाहर से सुरक्षा घेरा हटा रहे हैं।”
जरदारी का यह फैसला पाकिस्तान रेंजर्स द्वारा शुरू किए गए एक अभियान के बाद आया है, जिसमें वे मुख्य रूप से कराची के मध्य जिले में लगे सुरक्षा घेरों को हटा रहे हैं। इस अभियान को पुलिस और कराची महानगर निगम का समर्थन हासिल है।
पिछले सप्ताह रेंजेर्स ने कराची के लोगों से अपील की थी कि वे अपने आसपास के इलाकों से तीन दिनों के भीतर सुरक्षा घेरे हटा दें, क्योंकि ये कानून प्रवर्तन एजेंसियों की आवाजाही और कामकाज में बाधा बन रहे हैं।
dharmpath.com dharmpath