बिहार : अदालत परिसर में गोली चली, कैदी घायल

मुजफ्फरपुर, 16 मार्च (आईएएनएस)। बिहार के मुजफ्फरपुर व्यवहार न्यायालय परिसर में सोमवार को पेशी के लिए लाए गए एक कैदी को अज्ञात अपराधियों ने गोली मार दी, जिससे वह बुरी तरह घायल हो गया। मुजफ्फरपुर जेल में बंद इस घायल कैदी पर हत्या, लूट और अपहरण जैसे कई मामलों का आरोप है।

पुलिस के अनुसार, मुजफ्फरपुर जेल में बंद जुगनू सिंह को एक मामले में मुजफ्फरपुर व्यवहार न्यायालय में पेशी के लिए लाया गया था। न्यायालय परिसर में जुगनू पुलिसकर्मियों के साथ खड़ा था, तभी तीन अपराधियों ने आकर उसे गोली मार दी।

मुजफ्फरपुर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रंजीत कुमार मिश्रा ने बताया कि जुगनू सिंह हत्या, लूट, अपहरण जैसे कई मामलों का आरोपी है और वर्तमान समय में मुजफ्फरपुर जेल में बंद है।

उन्होंने बताया कि जुगनू को घायल अवस्था में श्रीकृष्ण मेडिकल कॉलेज अस्पताल (एसकेएमसीएच) में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी स्थिति गंभीर बताई जा रही है।

एसपी ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह मामला दो अपराधी गिरोहों के बीच वर्चस्व की लड़ाई का परिणाम लगता है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493