बिहार : अलग-अलग सड़क हादसों में 4 की मौत

पटना, 6 दिसंबर (आईएएनएस)। बिहार के मुजफ्फरपुर और जहानाबाद जिले में बुधवार को अलग-अलग सड़क हादसों में चार लोगों की मौत हो गई और अन्य पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।

पुलिस के अनुसार, राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या-110 पर जहानाबाद जिले के पारस बिगहा थाना क्षेत्र के बढ़ेटा गांव के समीप बुधवार की सुबह दो मोटरसाइकिल की आमने-सामने हुई टक्कर में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग घायल हो गए।

पारस बिगहा के थाना प्रभारी ऋतुराज ने बताया कि मृतकों की पहचान कड़ौना गांव निवासी श्रीकांत कुमार तथा हलदिया गांव निवासी विरेंद्र कुमार की रूप में की गई है। उन्होंने बताया कि इस घटना में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हुए, जिन्हें जहानाबाद सदर अस्पताल भेज दिया गया है। इनमें एक की हालत गंभीर बनी हुई है।

इधर, मुजफ्फरपुर जिले के सकरा थाना क्षेत्र के मारकन चौक के पास बुधवार सुबह सड़क के किनारे खड़ी एक ट्रक में एक टैंकर ने टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग घायल हो गए।

पुलिस के अनुसार, बरौनी से पेट्रोल लेकर मुजफ्फरपुर आ रहा एक टैंकर मारकन चौक के पास पहले से खड़ी कोयला लदे ट्रक से टकरा गया। राहत की बात रही कि पेट्रोल भरे टैंकर में विस्फोट या आग नहीं लगी, नहीं तो और बड़ा हादसा हो सकता था।

एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि इस घटना में टैंकर के चालक और एक अन्य व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई। सकरा थाना पुलिस ने दोनों शवों को ट्रक से निकालकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493