बिहार : अवमानना याचिका पर जल्द सुनवाई का आग्रह करेगा सीएबी

पटना, 9 अप्रैल (आईएएनएस)। क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ बिहार (सीएबी) के सचिव आदित्य वर्मा ने यहां सोमवार को कहा कि भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) के कार्यकारी अध्यक्ष सी़ क़े खन्ना, कार्यकारी सचिव अमिताभ चौधरी और सीईओ राहुल जौहरी के खिलाफ सर्वोच्च न्यायालय में दायर अवमानना याचिका पर सीएबी जल्द सुनवाई का आग्रह करेगा।

पटना में एक संवाददाता सम्मेलन में वर्मा ने कहा कि बीसीसीआई के इन तीनों अधिकारियों के खिलाफ सर्वोच्च न्यायालय में अवमानना याचिका नंबर 13024/2018 दायर किया गया है। उन्होंने कहा कि इस पर अविलंब सुनवाई के लिए सर्वोच्च न्यायालय से इसी सप्ताह आग्रह किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि इसी साल चार जनवरी को सर्वोच्च न्यायालय ने बीसीसीआई को यह स्पष्ट निर्देश दिया था कि इस साल से रणजी ट्रॉफी या उसके समकक्ष आयोजित होने वाली किसी प्रतियोगिता में बिहार भी हिस्सा लेगा, लेकिन पांच फरवरी से आयोजित होने वाले विजय हजारे ट्रॉफी में बिहार को खेलने नहीं दिया गया।

वर्मा ने आरोप लगाया कि आईपीएल मैच की नीलामी के लिए भी बीसीसीआई ने सभी राज्य क्रिकेट संघों से खिलाड़ियों के निबंधन के लिए नाम मांगे थे, मगर बिहार से नाम नहीं मांगे गए।

उन्होंने बताया कि इन्हीं सब मनमर्जी को पूरे साक्ष्य के साथ सर्वोच्च न्यायालय में अवमानना याचिका दायर किया गया है। वर्मा ने कहा कि बिहार के क्रिकेटरों को किसी प्रकार के व्यवधान से बचने के लिए संघ किसी भी जिम्मेवारी को लेने को तैयार है।

संवाददाता सम्मेलन में सीएबी के कार्यकारी अध्यक्ष प्रेमरंजन पटेल ने कहा कि सीएबी का एकमात्र उद्देश्य नाजायज तरीके से राज्य विभाजन के बाद बिहार के क्रिकेटरों के साथ नाइंसाफी हुई है, उन्हें कानूनन इंसाफ दिलाना है।

बीसीसीआई के अधिकारियों को अहंकारी बताते हुए उन्होंने कहा कि ये लोग सर्वोच्च न्यायालय के फैसले को भी नहीं मान रहे हैं। उन्होंने बताया कि अमिताभ चौधरी के खिलाफ सीएबी की अवमानना याचिका (संख्या 959/2017) पहले से ही सर्वोच्च न्यायालय में सूचीबद्ध है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493