सासाराम, 21 मार्च (आईएएनएस)। बिहार के रोहतास जिले के बिक्रमगंज थाना क्षेत्र से पुलिस ने सोमवार को एक मुखिया सहित पांच लोगों को अवैध हथियारों के साथ गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, एक वाहन में घूम रहे शिवपुर ग्राम पांचायत के मुखिया अमित सिंह समेत पांच लोगों को गुप्त सूचना के आधार पर गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने उनके पास से दो हैंड ग्रेनेड (हथगोला), दो रायफल, चार पिस्तौल, दो बंदूक और 90 कारतूस बरामद किए हैं।
बिक्रमगंज के थाना प्रभारी अनिल कुमार सिंह ने बताया कि ये सभी लोग शहर में स्कॉर्पियो से घूम रहे थे। पुलिस ने वाहन भी जब्त कर लिया है। पुलिस पूरे मामले की छानबीन कर रही है। पुलिस गिरफ्तार लोगों से हथियार लेकर घूमने का कारण जानने पर अपना ध्यान केंद्रित किए हुए है।
बिहार में पंचायत चुनाव की प्रक्रिया चल रही है और अमित सिंह इस बार भी चुनाव लड़ने वाले थे।
dharmpath.com dharmpath